Bareilly News: उत्तर प्रदेश के बरेली जिले से एक बेहद चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां स्वास्थ्य और फिटनेस के नाम पर महिलाओं की अस्मिता से खिलवाड़ किया जा रहा था। शहर के पॉश इलाके कोतवाली क्षेत्र में एक जिम संचालक और उसके भाई द्वारा एक महिला डॉक्टर को ब्लैकमेल करने और उनका शारीरिक शोषण करने का घृणित अपराध उजागर हुआ है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी और उसके सहयोगी भाई को सलाखों के पीछे भेज दिया है।
प्री-वर्कआउट ड्रिंक में नशीला पदार्थ
बताते चले कि, घटना की शुरुआत दो साल पहले सिविल लाइंस स्थित ‘अल्टीमेट फिटनेस जिम’ में हुई। पीड़िता, जो पेशे से एक डॉक्टर हैं, वहां नियमित वर्कआउट के लिए जाती थी। जिम संचालक अकरम बेग ने विश्वास जीतकर महिला को प्री-वर्कआउट और एनर्जी ड्रिंक देना शुरू किया। आरोप है कि अकरम उस पेय में चोरी-छिपे नशीला पदार्थ मिला देता था। जब नशों के प्रभाव से महिला अचेत हो जाती थी, तब अकरम जिम के भीतर बने एक गुप्त कमरे में उनके साथ दुष्कर्म करता था।
अश्लील वीडियो क्लिप और ब्लैकमेलिंग का खेल
आपको बता दे कि, इस घिनौने कृत्य में अकरम का भाई आलम बेग, जो जिम में ट्रेनर था, बराबर का भागीदार था। जब अकरम शोषण करता था, तब आलम मोबाइल से अश्लील वीडियो तैयार करता था। बाद में इन वीडियो और पेनड्राइव को दिखाकर आरोपियों ने महिला को ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। बदनामी के डर से पीड़िता चुप रही, जिसका फायदा उठाकर दोनों भाइयों ने उनसे मोटी रकम ऐंठना शुरू कर दिया।
50 लाख की फिरौती और पुलिस की दबिश
आरोपियों का लालच बढ़ता गया और उन्होंने महिला से 50 लाख रुपये की मांग की। पैसे न देने पर अश्लील वीडियो सार्वजनिक करने और परिवार को जान से मारने की धमकी दी गई। हिम्मत जुटाकर महिला डॉक्टर ने अपने पति को पूरी बात बताई और एसएसपी के पास गुहार लगाई। पुलिस ने जाल बिछाकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से आपत्तिजनक सामग्री, दो मोबाइल फोन, पेनड्राइव, नशीली दवाएं, इंजेक्शन और वसूली के 10 हजार रुपये बरामद हुए हैं।
अन्य महिलाओं पर भी खतरा और पुलिस की चेतावनी
सीओ प्रथम आशुतोष शिवम के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि वे अन्य महिलाओं को भी इसी तरह फंसाने की साजिश रच रहे थे। उनके मोबाइल से कई अन्य युवतियों की वर्कआउट करते हुए फोटो और वीडियो मिले हैं। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि क्या कोई और महिला भी इनका शिकार बनी है। अधिकारियों ने जिम जाने वाली महिलाओं को सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की रिपोर्ट तुरंत पुलिस को देने की सलाह दी है।









