Barabanki News: पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर पलटी 70 सवारियों से भरी डबल डेकर बस, मची चीख-पुकार

बाराबंकी में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर दिल्ली से बिहार जा रही एक डबल डेकर बस बेकाबू होकर पलट गई। हादसे के वक्त बस में 70 यात्री सवार थे, जिनमें से 11 घायल हो गए हैं। गनीमत रही कि हादसे में किसी की जान नहीं गई। पूरी खबर पढ़ें।

Barabanki News

Wrriten By :

Nivedita Kasaudhan

Published On :

अप्रैल 3, 2026

Barabanki News: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर शुक्रवार तड़के एक भीषण सड़क हादसा हो गया। दिल्ली से बिहार जा रही एक तेज रफ्तार डबल डेकर बस अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे के वक्त बस में करीब 70 यात्री सवार थे। गनीमत यह रही कि इस भयानक दुर्घटना में किसी की जान नहीं गई, लेकिन 11 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। यह हादसा लखनऊ-आजमगढ़ मार्ग पर पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन संख्या 32 के पास रात के करीब 2 बजे घटित हुआ।

UP Toll Tax Rate: यूपी के एक्सप्रेसवे पर आज से ढीली होगी जेब, यूपीडा ने जारी किए नए रेट

नींद में थे मुसाफिर, अचानक मची चीख-पुकार

प्रत्यक्षदर्शियों और बस में सवार यात्रियों के मुताबिक, दिल्ली से खुलकर बिहार की तरफ जा रही यह डबल डेकर बस काफी तेज गति में थी। रात के करीब दो बजे एक्सप्रेसवे पर अचानक बस का संतुलन बिगड़ा। बस पहले दाहिनी ओर तेजी से झुकी और फिर लहराते हुए बाईं ओर पलट गई। हादसे के समय अधिकांश यात्री गहरी नींद में सो रहे थे। अचानक हुए जोरदार धमाके और बस पलटने से अंदर चीख-पुकार और अफरा-तफरी मच गई।

राहत कार्य और घायलों की सूची

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय पुलिस और एक्सप्रेसवे की राहत टीम तुरंत मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने बस में फंसे यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला। सभी 11 घायलों को फौरन एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) हैदरगढ़ पहुंचाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद 4 यात्रियों की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल बाराबंकी रेफर कर दिया गया है।

घायलों के नाम

हादसे में दयानंद पासवान, रूपा देवी, ईशा कुमारी, आरव कुमार, मयंक कुमार, शत्रुघ्न पासवान, निशा चौधरी, अशोक कुमार, गुड़िया देवी, लकी कुमार, रोशन कुमार, संतोष ठाकुर, बिमला देवी और लुखिया देवी चोटिल हुए हैं। इनमें से निशा चौधरी, रोशन कुमार, संतोष ठाकुर और लुखिया देवी की हालत नाजुक है और वे डॉक्टरों की कड़ी निगरानी में हैं।

अधिकारियों ने लिया जायजा

हादसे की खबर मिलते ही हैदरगढ़ के उपजिलाधिकारी (SDM) राजेश कुमार विश्वकर्मा और कोतवाल अभिमन्यु मल्ल भारी पुलिस बल के साथ सीएचसी हैदरगढ़ पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों से मिलकर उनका हालचाल जाना और डॉक्टरों को निर्देश दिए कि सभी घायलों को बेहतर से बेहतर इलाज मुहैया कराया जाए।

तेज रफ्तार और लापरवाही बनी हादसे की वजह

शुरुआती जांच और यात्रियों से पूछताछ में यह बात सामने आई है कि हादसे का मुख्य कारण बस की अत्यधिक रफ्तार और ड्राइवर की घोर लापरवाही थी। बस में सवार यात्रियों ने पुलिस को बताया कि ड्राइवर दिन के समय भी गाड़ी सही तरीके से नहीं चला रहा था। रास्ते में कई बार बस अनियंत्रित होते-होते बची थी और यात्रियों ने उसे टोकने का प्रयास भी किया था। आखिरकार रात में ड्राइवर ने पूरी तरह नियंत्रण खो दिया और यह हादसा हो गया।

राहत टीम ने क्रेन की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बस को हाईवे से हटाकर किनारे किया, जिसके बाद एक्सप्रेसवे पर यातायात को सामान्य कराया जा सका। फिलहाल पुलिस मामले की कानूनी जांच कर रही है।

Weather Update: दिल्ली-NCR में आज बरसेंगे बादल, जानें मौसम विभाग की ताज़ा भविष्यवाणी