Bangladesh Squad: मुस्तफिजुर रहमान विवाद के बीच वर्ल्ड कप टीम घोषित, लिटन दास संभालेंगे बांग्लादेश की कमान

आईपीएल विवाद के बीच बांग्लादेश ने टी20 विश्व कप 2026 के लिए अपने 15 सदस्यीय स्क्वाड का ऐलान कर दिया है। लिटन दास को टीम की कमान सौंपी गई है, जबकि स्टार गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान पेस अटैक की अगुवाई करेंगे। जानें बांग्लादेश का पूरा शेड्यूल, ग्रुप और वेन्यू की पूरी जानकारी इस खास रिपोर्ट में।

Bangladesh Squad

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

जनवरी 4, 2026

Bangladesh Squad: आईपीएल में मुस्तफिजुर रहमान की उपलब्धता को लेकर जारी चर्चाओं के बीच, बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने आगामी आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 के लिए अपनी 15 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है। भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में आयोजित होने वाले इस टूर्नामेंट के लिए अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज लिटन कुमार दास को कप्तान नियुक्त किया गया है, जबकि मोहम्मद सैफ हसन को उप-कप्तानी की अहम जिम्मेदारी सौंपी गई है।

टीम इंडिया का ऐलान: न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में सिराज और श्रेयस की वापसी

मुस्तफिजुर रहमान करेंगे पेस अटैक की अगुवाई

बताते चले कि, टीम चयन में सबसे ज्यादा ध्यान स्टार गेंदबाज मुस्तफिजुर रहमान पर रहा। आईपीएल में उनके खेलने को लेकर चल रहे विवादों को दरकिनार करते हुए चयनकर्ताओं ने उन पर भरोसा जताया है। वह टीम के गेंदबाजी आक्रमण के मुख्य स्तंभ होंगे। उनके साथ पेस विभाग में तस्कीन अहमद, शोरफुल इस्लाम और तंजीम हसन साकिब जैसे घातक गेंदबाज शामिल हैं। यह गेंदबाजी यूनिट भारतीय पिचों पर अपनी विविधता और गति से विपक्षी टीमों को चुनौती देने के लिए तैयार है।

‘ग्रुप ऑफ डेथ’ में बांग्लादेश की अग्निपरीक्षा

बांग्लादेश को इस विश्व कप के ग्रुप-सी में रखा गया है, जिसे क्रिकेट विशेषज्ञ ‘ग्रुप ऑफ डेथ’ मान रहे हैं। इस ग्रुप में बांग्लादेश के साथ डिफेंडिंग चैंपियन इंग्लैंड और दो बार की विश्व विजेता वेस्टइंडीज जैसी दिग्गज टीमें मौजूद हैं। इसके अलावा ग्रुप में नेपाल और उभरती हुई टीम इटली भी शामिल है। इटली को छोड़कर, बांग्लादेश के लिए सुपर-8 की राह काफी कठिन होने वाली है। सेमीफाइनल की दौड़ में बने रहने के लिए टीम को अपने हर मैच में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा।

कहां खेले जाएंगे बांग्लादेश के हाई-वोल्टेज मैच ?

आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 का आगाज 7 फरवरी से हो रहा है। बांग्लादेश के लिए अच्छी बात यह है कि उसे अपने सभी लीग मैच भारत में ही खेलने हैं, जहां की परिस्थितियां ढाका से काफी मिलती-जुलती हैं। टीम अपने शुरुआती तीन मैच कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डन्स में खेलेगी, जिससे उन्हें स्थानीय दर्शकों का समर्थन मिलने की भी उम्मीद है। टीम का अंतिम लीग मुकाबला मुंबई के प्रतिष्ठित वानखेड़े स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा।

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए बांग्लादेश का पूरा शेड्यूल

  • 7 फरवरी| वेस्टइंडीज | ईडन गार्डन्स, कोलकाता
  • 9 फरवरी| इटली | ईडन गार्डन्स, कोलकाता
  • 14 फरवरी| इंग्लैंड | ईडन गार्डन्स, कोलकाता
  • 17 फरवरी| नेपाल | वानखेड़े स्टेडियम, मुंबई

विश्व कप के लिए बांग्लादेश का आधिकारिक 15 सदस्यीय स्क्वाड

लिटन कुमार दास (कप्तान), मोहम्मद सैफ हसन (उप-कप्तान), तंजीद हसन, मोहम्मद परवेज हुसैन इमोन, तौहीद हृदोय, शमीम हुसैन, काजी नुरुल हसन सोहन, शक महेदी हसन, रिशद हुसैन, नसुम अहमद, मुस्तफिजुर रहमान, तंजीम हसन साकिब, तस्कीन अहमद, मोहम्मद शैफुद्दीन और शोरफुल इस्लाम।

6, 6, 6, 6, 6… हार्दिक पंड्या ने छक्कों की बारिश करते हुए विजय हजारे ट्रॉफी में जड़ा पहला लिस्ट-ए शतक