बांग्लादेश के राजबाड़ी जिले से एक अत्यंत दुखद और आक्रोश पैदा करने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक हिंदू युवक की सरेआम हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 30 वर्षीय रिपन साहा के रूप में हुई है, जो ‘करिम फीलिंग स्टेशन’ (पेट्रोल पंप) पर कर्मचारी के तौर पर काम करता था। शुक्रवार तड़के लगभग 4:30 बजे हुई इस सनसनीखेज वारदात ने न केवल स्थानीय स्तर पर तनाव पैदा कर दिया है, बल्कि बांग्लादेश में अल्पसंख्यकों की सुरक्षा पर भी गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। रिपन साहा को महज ईंधन के पैसे मांगने की सजा अपनी जान देकर चुकानी पड़ी।
बीएनपी नेता की दबंगई और विवाद की शुरुआत
पुलिस और प्रत्यक्षदर्शियों से प्राप्त जानकारी के अनुसार, इस जघन्य अपराध का मुख्य आरोपी अबुल हाशेम सुजन (55) है। सुजन बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) की राजबाड़ी जिला इकाई का पूर्व कोषाध्यक्ष और उनकी युवा विंग ‘जूबो दल’ का पूर्व जिला अध्यक्ष रह चुका है। वह अपनी काली रंग की लैंड क्रूजर जीप में पेट्रोल पंप पर पहुँचा था। उसने अपनी गाड़ी में लगभग 5,000 टका का ऑक्टेन भरवाया, लेकिन नियत भुगतान करने के बजाय उसने रसूख दिखाते हुए वहां से भागने की कोशिश की। जब रिपन साहा ने ईमानदारी दिखाते हुए वाहन को रोका और पैसे की मांग की, तो विवाद शुरू हो गया।
कुचलकर मार डालने की खौफनाक वारदात
आरोप है कि पैसे मांगने पर अबुल हाशेम सुजन और उसका ड्राइवर कमल हुसैन आगबबूला हो गए। उन्होंने रिपन को गंदी गालियां दीं और धमकाया। जब रिपन पीछे नहीं हटा, तो सुजन के निर्देश पर ड्राइवर ने गाड़ी की रफ्तार बढ़ा दी और रिपन को सीधे टक्कर मारते हुए पहियों के नीचे कुचल दिया। यह हमला इतना जोरदार और इरादतन था कि रिपन के सिर और चेहरे के चीथड़े उड़ गए। अपराधी उसे उसी हालत में छोड़कर ढाका-खुलना हाईवे की ओर फरार हो गए। रिपन की मौके पर ही तड़प-तड़प कर मौत हो गई और उसका शव सड़क पर क्षत-विक्षत हालत में मिला।
सीसीटीवी फुटेज से खुलासा और आरोपियों की गिरफ्तारी
इस पूरी वारदात की गवाही पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों ने दी है। फुटेज में स्पष्ट देखा जा सकता है कि कैसे आरोपी की गाड़ी पंप पर आती है, रिपन उनसे बात करता है और फिर बिना पैसे दिए भागने के क्रम में उसे बेरहमी से कुचल दिया जाता है। राजबाड़ी सदर पुलिस स्टेशन के ओसी खोंडकर जियाउर रहमान ने बताया कि सीसीटीवी साक्ष्यों और गवाहों के बयानों के आधार पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की है। पुलिस ने अबुल हाशेम सुजन को उसके बारो मुरारीपुर स्थित आवास से गिरफ्तार कर लिया है और ड्राइवर कमल हुसैन भी हिरासत में है। वारदात में इस्तेमाल वाहन को भी जब्त कर लिया गया है।
हिंदू समुदाय में भारी आक्रोश और असुरक्षा का माहौल
इस घटना के बाद से बांग्लादेश के हिंदू समुदाय में दहशत और गुस्से की लहर है। हालांकि बीएनपी के जिला कन्वीनर खैरुल अनाम बकुल ने दावा किया है कि सुजन ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया था, लेकिन स्थानीय लोग इसे रसूखदार नेताओं द्वारा अल्पसंख्यकों को निशाना बनाने के रूप में देख रहे हैं। पुलिस भले ही इसे ‘भुगतान विवाद’ कह रही हो, लेकिन जिस क्रूरता से एक हिंदू युवक को मारा गया, उसने इसे सांप्रदायिक रंग दे दिया है। रिपन के साथी कर्मचारियों और परिजनों ने न्याय की गुहार लगाई है। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं ने ढाका से लेकर राजबाड़ी तक अल्पसंख्यकों के मन में असुरक्षा का गहरा भाव पैदा कर दिया है।
Read More: Health Tips: तनाव और गलत आदतों से घटता स्पर्म काउंट, डाइट में शामिल करें ये चीजें








