Ballia Crime News: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गड़वार थाना क्षेत्र में 15 फरवरी को एक नाबालिग बच्ची के साथ पांच लड़कों ने गैंगरेप किया। बच्ची शौच के लिए बाहर गई थी, तभी आरोपियों ने उसे जबरन खींचकर ले जाकर अपराध को अंजाम दिया।
Delhi Dwarka Accident: मैनचेस्टर जाने का सपना अधूरा, साहिल की मौत ने परिवार को तोड़ा
पीड़िता का दर्द
पीड़िता की भाभी ने बताया कि बच्ची डर के कारण घर पर कुछ नहीं बता सकी। अगले दिन जब उसके हाथ-पैर में दर्द हुआ तो उसने रोते हुए परिवार को पूरी घटना बताई। भाभी का कहना है कि शिकायत पहले ही थाने में की गई थी, लेकिन पुलिस अगले दिन मौके पर पहुंची।
धमकी और डर
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपियों ने बच्ची को धमकी दी थी कि अगर उसने किसी को बताया तो वे उसके पिता और भाई को मार देंगे। इतना ही नहीं, उन्होंने रेप का वीडियो वायरल करने की भी धमकी दी। इसी वजह से बच्ची ने घर लौटकर परिजनों को कुछ नहीं बताया।
पुलिस की कार्रवाई
इस मामले में अभी तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई है। पांचों आरोपी फरार हैं। पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बताया कि 18 फरवरी को दोपहर 3:30 बजे पीड़िता के पिता ने गड़वार थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने चार नामजद और एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ तहरीर दी। पुलिस टीम और फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। स्थानीय थाने में सुसंगत धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।
बलिया की यह घटना समाज और प्रशासन दोनों के लिए गंभीर सवाल खड़े करती है। नाबालिग बच्ची के साथ हुई इस वारदात ने सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस की तत्परता पर सवाल उठाए हैं। फिलहाल पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है और पीड़िता को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया गया है।









