BAFTA Awards 2026: ‘बूंग’ की अंतरराष्ट्रीय कामयाबी पर ममता बनर्जी का संदेश, कही ये बात

BAFTA Awards 2026 में ‘बूंग’ की बड़ी जीत के बाद पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने टीम को बधाई देते हुए कहा कि आपने पूरे देश को गर्व महसूस कराया है। अंतरराष्ट्रीय मंच पर मिली इस सफलता को उन्होंने भारतीय सिनेमा की ऐतिहासिक उपलब्धि बताया।

Wrriten By :

Neha Mishra

Published On :

फ़रवरी 23, 2026

BAFTA Awards 2026: लंदन के प्रतिष्ठित रॉयल फेस्टिवल हॉल में आयोजित ब्रिटिश एकेडमी फिल्म अवार्ड्स (BAFTA) 2026 में भारत के लिए एक गौरवशाली अध्याय लिखा गया है। मणिपुर की पृष्ठभूमि पर आधारित फिल्म ‘बूंग’ ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर तिरंगा फहराते हुए ‘सर्वश्रेष्ठ बाल एवं परिवार फिल्म’ (Best Children and Family Film) का पुरस्कार अपने नाम कर लिया है। यह उपलब्धि इसलिए भी खास है क्योंकि इस श्रेणी में जीतने वाली यह पहली भारतीय फिल्म बन गई है।

BAFTA Awards 2026: ‘बूंग’ की BAFTA जीत, फरहान अख्तर बोले, “यह कमाल की बात है कि हम इसका हिस्सा हैं”

मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने जताई खुशी

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने इस ऐतिहासिक जीत पर फिल्म की पूरी टीम की सराहना की। सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी खुशी साझा करते हुए उन्होंने कहा,”मणिपुरी फिल्म ‘बूंग’ का BAFTA 2026 में इतिहास रचना बेहद सुखद है। तमाम चुनौतियों के बावजूद, इस फिल्म ने प्रतिष्ठित श्रेणी में जीत हासिल की, जो गौरव की बात है। पूरी कास्ट और क्रू को मेरी हार्दिक बधाई, आपने पूरे देश का सिर ऊंचा कर दिया है।”

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संदेश

इससे पहले, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस सफलता को देश के बढ़ते रचनात्मक कौशल का प्रतीक बताया। उन्होंने फिल्म की टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह मणिपुर और पूरे भारत के लिए अत्यंत हर्ष का क्षण है। उन्होंने जोर देकर कहा कि यह जीत भारतीय प्रतिभा की वैश्विक स्वीकार्यता को दर्शाती है।

कड़े मुकाबले में ‘बूंग’ ने मारी बाजी

BAFTA Awards 2026
कड़े मुकाबले में ‘बूंग’ ने मारी बाजी

‘बूंग’ इस साल BAFTA में नामांकित होने वाली एकमात्र भारतीय फिल्म थी। इसने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मशहूर फिल्मों जैसे ‘ज़ूटोपिया 2’, ‘लिलो एंड स्टिच’ और ‘आर्को’ को पीछे छोड़ते हुए जीत हासिल की। फिल्म की इस सफलता ने साबित कर दिया है कि क्षेत्रीय सिनेमा में भी वैश्विक स्तर पर प्रभाव छोड़ने की अपार क्षमता है।

BAFTA Awards 2026: मणिपुरी फिल्म ‘बूंग’ ने हॉलीवुड फिल्मों को हराकर जीता अवॉर्ड

फिल्म की भावुक कहानी और निर्माण

‘बूंग’ का निर्देशन लक्ष्मीप्रिया देवी ने किया है। यह कहानी ‘बूंग’ नाम के एक छोटे लड़के के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपनी मां को खुश करने के लिए अपने लापता पिता को ढूंढने निकल पड़ता है। उसकी यह मासूम खोज न केवल उसके जीवन को बदल देती है, बल्कि उसे एक नई और अप्रत्याशित शुरुआत की ओर ले जाती है।

इस फिल्म का निर्माण फरहान अख्तर, रितेश सिधवानी, विकेश भूटानी, एलन मैकएलेक्स और शुजात सौदागर ने मिलकर किया है। लंदन में आयोजित पुरस्कार समारोह के दौरान फरहान अख्तर और लक्ष्मीप्रिया देवी सहित पूरी टीम ट्रॉफी स्वीकार करने के लिए मौजूद थी।