Ayodhya News: राम मंदिर चढ़ावा चोरी में आशिकी का एंगल! आरोपी अविनाश शुक्ला ने गर्लफ्रेंड को दिए लाखों और महंगा फोन

अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के बाद सुरक्षा व्यवस्था में बड़ा फेरबदल किया गया है। अब नोटों की गिनती टेबल के बजाय जमीन पर गद्दे बिछाकर होगी। पुलिस आरोपी के बैंक खातों और संपर्कों की गहन जांच कर रही है। वहीं काउंटिंग रूम में कर्मचारियों के बात करने और बाहर जाने पर सख्त पाबंदी लगा दी गई है।

Ayodhya News

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

जुलाई 5, 2026

Ayodhya News: अयोध्या के भव्य राम मंदिर में चढ़ावा चोरी की सनसनीखेज वारदात के बाद प्रशासन और मंदिर ट्रस्ट पूरी तरह एक्शन मोड में आ चुके हैं। एक तरफ जहां पुलिस आरोपी के हर एक कनेक्शन को खंगालने में जुटी है, वहीं दूसरी तरफ मंदिर परिसर के भीतर सुरक्षा और पारदर्शिता को लेकर अभूतपूर्व बदलाव किए गए हैं।

नकद लेन-देन और गुप्त संपर्कों की गहन वित्तीय जांच जारी

बताते चले कि, राम मंदिर में हुई इस बड़ी हेराफेरी के बाद अयोध्या पुलिस मामले की तह तक जाने के लिए हर मुमकिन कोशिश कर रही है। पुलिस का पूरा ध्यान इस समय आरोपी के वित्तीय रिकॉर्ड्स पर है। जांच अधिकारियों द्वारा आरोपी के बैंक लेन-देन (Bank Transactions) और हाल के दिनों में किए गए नकद लेन-देन की बारीकी से छानबीन की जा रही है।

इतना ही नहीं, पुलिस इस बिंदु पर भी काम कर रही है कि क्या इस चोरी में मंदिर के अंदर या बाहर का कोई और व्यक्ति भी शामिल था? आरोपी के मोबाइल कॉल डिटेल्स और संदिग्ध संपर्कों को खंगाला जा रहा है ताकि इस पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश किया जा सके। मंदिर समिति से मिली शिकायत के बाद पुलिस फूंक-फूंक कर कदम रख रही है।

चढ़ावा गिनती कक्ष के नए कड़े नियम

इस वारदात से सबक लेते हुए राम जन्मभूमि मंदिर ट्रस्ट ने चढ़ावे की रकम गिनने की पूरी प्रक्रिया को ही बदल दिया है। चोरी की गुंजाइश को पूरी तरह खत्म करने के लिए अब नोटों की गिनती टेबल और कुर्सी पर नहीं की जाएगी। इसके बजाय, काउंटिंग रूम में जमीन पर गद्दे और प्लाईवुड बिछाकर एक पारदर्शी व्यवस्था बनाई गई है, ताकि किसी भी तरह से रुपयों को छिपाना नामुमकिन हो जाए।

इसके साथ ही, गिनती के दौरान कर्मचारियों के आपसी संवाद पर पूरी तरह प्रतिबंध लगा दिया गया है। जो कर्मचारी बार-बार वॉशरुम या बाथरूम जाने का बहाना बनाते हैं, उन पर अब विशेष रूप से नजर रखी जा रही है। यही नहीं, ड्यूटी के दौरान कैंटीन में ज्यादा वक्त बिताने वाले कर्मचारियों पर भी शिकंजा कस दिया गया है। पूरे काउंटिंग हॉल को हाई-टेक सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के जाल से कवर कर दिया गया है।

कंट्रोल और मॉनिटरिंग रूम की चौकसी

सिर्फ काउंटिंग रूम ही नहीं, बल्कि सुरक्षा की कमान संभालने वाले मॉनिटरिंग रूम को भी हाई अलर्ट पर रखा गया है। सीसीटीवी स्क्रीन के सामने तैनात कर्मचारियों के लिए सख्त हिदायत जारी की गई है कि वे अपनी ड्यूटी के दौरान एक मिनट के लिए भी अपनी जगह से नहीं हिलेंगे।

मंदिर प्रशासन का मुख्य उद्देश्य दान के रूप में आने वाली पाई-पाई की गिनती में शत-प्रतिशत पारदर्शिता सुनिश्चित करना है, ताकि भविष्य में ऐसी किसी भी घटना की पुनरावृत्ति न हो। मंदिर समिति ने इस पूरे प्रकरण को बेहद गंभीरता से लिया है। अधिकारियों का साफ कहना है कि जैसे ही पुलिस की अंतिम जांच रिपोर्ट सामने आएगी, इस लापरवाही और चोरी में शामिल सभी दोषियों के खिलाफ ऐसी सख्त दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी जो एक नजीर बनेगी।