Ram Mandir Donation Row: अयोध्या में राम मंदिर दर्शन के लिए पहुंचे उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय को प्रशासन द्वारा होटल ‘पद्मश्री पैलेस’ में रोके जाने के बाद सूबे की राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस का सीधा आरोप है कि उनके प्रदेश अध्यक्ष को एक 9 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल के साथ होटल में ही ‘हाउस अरेस्ट’ कर लिया गया है। इस घटनाक्रम ने सत्तारूढ़ दल और कांग्रेस के बीच तनातनी को और बढ़ा दिया है।
कांग्रेस का मोदी सरकार पर तीखा प्रहार
बताते चले कि, दर्शन पर रोक के साथ ही कांग्रेस ने राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी और वित्तीय अनियमितताओं के मुद्दे को लेकर मोदी सरकार पर चौतरफा हमला बोला है। कांग्रेस के राज्यसभा सांसद जयराम रमेश ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कड़ा प्रहार करते हुए लिखा, “मोदी जी और उनके साथियों का बस यही सपना, राम नाम जपना, पराया माल अपना।” उन्होंने आगे जोर देकर कहा कि श्रीराम मंदिर में हुई चंदा लूट से पूरा देश स्तब्ध और व्यथित है।
आरोपियों की गिरफ्तारी पर सवालिया निशान
जयराम रमेश ने आरोप लगाया कि जनदबाव के चलते एसआईटी (SIT) की रिपोर्ट के बाद भले ही एफआईआर दर्ज कर ली गई हो, लेकिन मुख्य आरोपी अभी भी कानून की पकड़ से दूर हैं। उन्होंने दावा किया कि आरोपियों के आरएसएस (RSS) और भाजपा (BJP) से जुड़े होने के कारण उन्हें खुलेआम घूमने की छूट दी जा रही है। उन्होंने मंदिर जाने से रोके जाने को तानाशाही करार देते हुए कहा कि कांग्रेस नेताओं को भगवान के दर्शन से वंचित रखना अत्यंत निंदनीय कृत्य है।
भाजपा-RSS के तंत्र पर संगीन आरोप
कांग्रेस महासचिव ने अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए आरोप लगाया कि देश की जनता दोषियों पर कठोरतम कार्रवाई की मांग कर रही है, लेकिन भाजपा-आरएसएस का पूरा तंत्र इस कथित चंदा चोरी कांड को दबाने में जुटा है। उनका कहना है कि सरकारी संरक्षण के कारण ही आरोपी बेखौफ हैं और इस पूरे भ्रष्टाचार के खेल को छिपाने का प्रयास किया जा रहा है।
PM मोदी को चेतावनी
अंत में पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए जयराम रमेश ने कहा कि भगवान श्रीराम के मंदिर से हुई इस लूट में दोषियों को बचाना उतना ही बड़ा गुनाह है जितना कि लूट को अंजाम देना। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, “इस घिनौने कृत्य के लिए भगवान श्रीराम तो सजा देंगे ही, साथ ही देश की जनता भी आपको इस पाप का दंड देगी।” कांग्रेस ने साफ संकेत दिए हैं कि वह इस मुद्दे पर सड़क से लेकर संसद तक सरकार को घेरेगी।










