Awarapan 2: करीब दो दशक बाद इमरान हाशमी अपनी चर्चित फिल्म ‘आवारापन 2’ (Awarapan 2) के साथ बड़े पर्दे पर वापसी करने जा रहे हैं। फिल्म को रिलीज से पहले केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) से मंजूरी मिल गई है। सेंसर बोर्ड ने फिल्म को UA 16+ सर्टिफिकेट जारी किया है, जिसके बाद इसकी रिलीज का रास्ता साफ हो गया है। पहली फिल्म में इमरान हाशमी द्वारा निभाए गए ‘शिवम’ के किरदार को दर्शकों ने काफी सराहा था और अब एक बार फिर वही किरदार नए अंदाज में दिखाई देगा।
इमरान हाशमी के साथ दिशा और शबाना आजमी की अहम भूमिका
बताते चले कि, आवारापन 2 में इमरान हाशमी के अलावा बॉलीवुड अभिनेत्री दिशा पाटनी और दिग्गज अभिनेत्री शबाना आजमी भी महत्वपूर्ण किरदारों में नजर आएंगी। फिल्म की स्टारकास्ट को लेकर पहले से ही दर्शकों में उत्सुकता बनी हुई है। मेकर्स का मानना है कि नई कहानी और दमदार कलाकारों की मौजूदगी फिल्म को और मजबूत बनाएगी। खास बात यह है कि लगभग 19 साल बाद इमरान हाशमी अपने लोकप्रिय किरदार ‘शिवम’ को फिर से जीवंत करते दिखाई देंगे।
2 घंटे 20 मिनट लंबी होगी फिल्म
सेंसर बोर्ड द्वारा जारी प्रमाणपत्र के अनुसार आवारापन 2 का रनटाइम 2 घंटे 20 मिनट रखा गया है। फिल्म को 5 अगस्त को आधिकारिक तौर पर प्रमाणपत्र मिला। यदि पहली फिल्म से तुलना करें तो 2007 में रिलीज हुई ‘आवारापन’ की अवधि लगभग 2 घंटे 13 मिनट थी। यानी इस बार दर्शकों को पहले से कुछ अधिक लंबी कहानी देखने को मिलेगी।
सेंसर बोर्ड के निर्देश पर कई दृश्यों में बदलाव
CBFC की समीक्षा के बाद फिल्म में कुछ जरूरी बदलाव भी किए गए हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, करीब 9 दृश्यों में एडिटिंग की गई है। इनमें ड्रग्स के इस्तेमाल और बच्चों की तस्करी जैसे संवेदनशील विषयों से जुड़े दृश्यों के साथ आवश्यक डिस्क्लेमर जोड़े गए हैं।सेंसर बोर्ड का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना था कि फिल्म सामाजिक रूप से संवेदनशील विषयों को जिम्मेदारी के साथ प्रस्तुत करे। इन बदलावों के बाद फिल्म को UA 16+ श्रेणी में प्रमाणित किया गया।
हिंसक दृश्यों और एंड क्रेडिट्स में भी हुए बदलाव
फिल्म के कुछ हिंसक दृश्यों में भी सेंसर बोर्ड के निर्देश पर संशोधन किए गए हैं। जानकारी के मुताबिक, एक हिंसक दृश्य की अवधि कम की गई है ताकि उसकी प्रस्तुति अधिक संतुलित रहे। इसके अलावा ड्रग्स से जुड़े एक अन्य दृश्य और फिल्म के एंड क्रेडिट्स में भी जरूरी बदलाव किए गए हैं। इन संशोधनों के बाद फिल्म को बिना किसी बड़े विवाद के रिलीज की मंजूरी मिल गई है।
14 अगस्त को सिनेमाघरों में होगी रिलीज
निर्देशक नितिन कक्कड़ के निर्देशन में बनी आवारापन 2 अब 14 अगस्त को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी। फिल्म को लेकर इमरान हाशमी के प्रशंसकों के बीच जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।गौरतलब है कि वर्ष 2007 में रिलीज हुई पहली ‘आवारापन’ बॉक्स ऑफिस पर बड़ी व्यावसायिक सफलता हासिल नहीं कर पाई थी, लेकिन समय के साथ यह फिल्म कल्ट स्टेटस हासिल करने में सफल रही। खासकर इमरान हाशमी के ‘शिवम’ किरदार और फिल्म के संगीत को दर्शकों ने खूब पसंद किया था।
अब लगभग 19 साल बाद रिलीज होने जा रही आवारापन 2 से दर्शकों और फिल्म इंडस्ट्री दोनों को बड़ी उम्मीदें हैं। यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या यह सीक्वल अपने पहले भाग से आगे निकलकर बॉक्स ऑफिस पर नई सफलता की कहानी लिख पाता है।










