Awarapan 2 Release: सेंसर बोर्ड की मंजूरी के बाद तैयार ‘आवारापन 2’, जानें सर्टिफिकेट और फाइनल रनटाइम

इमरान हाशमी की बहुप्रतीक्षित फिल्म 'आवारापन 2' रिलीज के लिए तैयार है, लेकिन सिनेमाघरों में पहुंचने से पहले सेंसर बोर्ड ने इसमें कई बदलाव किए हैं। फिल्म को कौन सा सर्टिफिकेट मिला, कितने सीन बदले गए और अब इसका रनटाइम कितना है, जानिए पूरी सेंसर रिपोर्ट।

सेंसर बोर्ड की मंजूरी के बाद तैयार 'आवारापन 2'

Wrriten By :

Neha Mishra

Published On :

अगस्त 6, 2026

Awarapan 2 Release: इमरान हाशमी की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘आवारापन 2’ रिलीज से पहले ही सुर्खियों में बनी हुई है। फिल्म को अब केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) से हरी झंडी मिल गई है। हालांकि, प्रमाणपत्र जारी करने से पहले सेंसर बोर्ड ने फिल्म के कुछ दृश्यों में बदलाव करने के निर्देश दिए हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म के कुल 9 सीन में कट और एडिटिंग की गई है।

राम, लक्ष्मण और अब दशरथ, अरुण गोविल ने रामायण के तीन अहम किरदार निभाए

फिल्म को मिला U/A 16+ सर्टिफिकेट

इमरान हाशमी स्टारर इस फिल्म को CBFC की ओर से U/A 16+ सर्टिफिकेट दिया गया है। सेंसर बोर्ड की मंजूरी के लिए निर्माताओं को कुछ जरूरी संशोधन करने पड़े। बोर्ड ने फिल्म में दिखाए गए कुछ संवेदनशील विषयों को ध्यान में रखते हुए डिस्क्लेमर जोड़ने और कुछ दृश्यों को संशोधित करने के निर्देश दिए।

ड्रग्स और चाइल्ड ट्रैफिकिंग से जुड़े दृश्यों में बदलाव

रिपोर्ट्स के अनुसार, CBFC की एग्जामिनिंग कमिटी ने फिल्म में ड्रग्स के इस्तेमाल और बच्चों की तस्करी जैसे विषयों को दिखाए जाने को लेकर सावधानी बरतने को कहा। इसके लिए मेकर्स को उचित डिस्क्लेमर शामिल करने का निर्देश दिया गया। इसके अलावा, धूम्रपान वाले दृश्यों के दौरान अनिवार्य चेतावनी संदेश दिखाने और ड्रग्स से जुड़े सीन्स में एंटी-ड्रग स्टैटिक टिकर लगाने को कहा गया। फिल्म के हिंदी टाइटल को प्रदर्शित करने का निर्देश भी दिया गया है, जो 2021 से लागू नियमों के तहत जरूरी है।

हिंसा और आपत्तिजनक भाषा वाले हिस्सों पर चली कैंची

सेंसर बोर्ड ने फिल्म में मौजूद कुछ हिंसात्मक दृश्यों में भी कटौती करने का आदेश दिया है। फिल्म के दूसरे भाग में एक एक्शन सीन को लगभग 50 प्रतिशत तक कम करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा तीन अन्य दृश्यों से अत्यधिक हिंसा वाले हिस्सों को हटाने को कहा गया। फिल्म में ड्रग्स सूंघने से जुड़ा एक दृश्य भी हटाया गया है। वहीं, कुछ आपत्तिजनक शब्दों को ऑडियो और सबटाइटल दोनों स्तरों पर बदलने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही फिल्म के एंड क्रेडिट्स को संगीत के अनुसार व्यवस्थित करने के लिए भी कहा गया।

कट के बाद इतना हुआ फिल्म का रनटाइम

‘आवारापन 2’ को 5 अगस्त को सेंसर सर्टिफिकेट जारी किया गया। CBFC द्वारा प्रमाणित फिल्म की लंबाई 140.20 मिनट बताई गई है। सेंसर बोर्ड के निर्देशों के बाद फिल्म से करीब 4 मिनट का कंटेंट हटाया गया है, जबकि लगभग 20 सेकंड के हिस्से में बदलाव किया गया है। अब फिल्म का अंतिम रनटाइम लगभग 2 घंटे 20 मिनट 20 सेकंड रह गया है।

पलक पुरसवानी का ससुराल में ग्रैंड गृह प्रवेश, पति संग दिखा प्यार

बॉक्स ऑफिस पर सनी देओल की फिल्म से होगा मुकाबला

इमरान हाशमी की ‘आवारापन 2’ की टक्कर बॉक्स ऑफिस पर सनी देओल की फिल्म ‘बंटवारा 1947’ से होने वाली है। दोनों फिल्में 14 अगस्त को सिनेमाघरों में रिलीज होंगी। फिल्म की स्टारकास्ट की बात करें तो इमरान हाशमी के साथ दिशा पाटनी और शबाना आजमी भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगी। फिल्म को लेकर दर्शकों में काफी उत्साह है और अब सेंसर मंजूरी मिलने के बाद इसकी रिलीज का रास्ता साफ हो गया है।