Abaan Ahmad Car Accident Video: अतीक के बेटे अबान की मौत का LIVE VIDEO आया सामने, ऐसे पलटी कार

माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे मोहम्मद आबान की 6 अगस्त को झांसी में सड़क हादसे में मौत हो गई थी। अब दुर्घटना का डैशकैम वीडियो सामने आया है। वीडियो में तेज रफ्तार क्रेटा अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराती और पलटती दिखाई दे रही है। हादसे में आबान समेत दो लोगों की मौत हुई।

Abaan Ahmad Car Accident Video

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

अगस्त 12, 2026

Abaan Ahmad Car Accident Video: माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे मोहम्मद अबान अहमद की झांसी में हुए भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई थी। अब इस दर्दनाक दुर्घटना का लाइव वीडियो सामने आया है, जिसने हादसे की भयावहता को साफ दिखा दिया है। 6 अगस्त को हुई इस दुर्घटना का पूरा घटनाक्रम आबान की कार के पीछे चल रही एक दूसरी कार के डैशकैम में रिकॉर्ड हो गया। वीडियो में तेज रफ्तार क्रेटा कार अचानक नियंत्रण खोकर डिवाइडर से टकराती है और कई बार पलट जाती है।

डैशकैम वीडियो में कैद हुआ झांसी सड़क हादसे का खौफनाक पल

बताते चले कि, सामने आए वीडियो में दिखाई देता है कि प्रयागराज से झांसी की ओर जा रही अबान की कार बेहद तेज गति से आगे बढ़ रही थी। कुछ ही सेकंड बाद कार अचानक बाईं ओर लहराती है और डिवाइडर से जोरदार टक्कर मार देती है। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार हवा में उछलकर कई बार पलट गई। पीछे चल रही गाड़ी का डैशकैम इस पूरी घटना को रिकॉर्ड करता रहा, जिससे हादसे का वास्तविक दृश्य सामने आया है।

तेज रफ्तार बनी हादसे की सबसे बड़ी वजह

प्राथमिक जांच में पुलिस ने आशंका जताई है कि हादसे की मुख्य वजह तेज रफ्तार और वाहन पर नियंत्रण खोना हो सकती है। हादसे के समय हाईवे लगभग खाली था और सड़क पर बहुत कम वाहन दिखाई दे रहे थे। ऐसे में माना जा रहा है कि अत्यधिक गति के कारण चालक समय रहते वाहन को संभाल नहीं सका।

हादसे में आबान और उसके दोस्त की मौत

झांसी सड़क हादसा इतना भयावह था कि मोहम्मद अबान अहमद और उसके दोस्त अहजम की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं मोहम्मद जैद, उमर और अन्य साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। दुर्घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास मौजूद लोग तुरंत मदद के लिए घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत टीम मौके पर पहुंची।

हादसे के बाद हाईवे पर मची चीख-पुकार

वीडियो में हादसे के तुरंत बाद लोगों को कार की ओर दौड़ते हुए देखा जा सकता है। स्थानीय लोगों ने घायलों को बाहर निकालने की कोशिश की और तुरंत पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में एंबुलेंस और पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और घायलों को अस्पताल भेजा गया।

झांसी जेल में बंद भाई अली से मिलने जा रहा था आबान

मोहम्मद आबान अपने बड़े भाई अली अहमद से मुलाकात करने के लिए झांसी जा रहा था। अली फिलहाल झांसी जेल में बंद है। इससे पहले वह नैनी जेल में निरुद्ध था, लेकिन कुछ महीने पहले ही उसका तबादला झांसी कर दिया गया था। परिवार के अनुसार आबान अपने भाई से मिलने के लिए ही इस यात्रा पर निकला था, लेकिन रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया।

अंतिम संस्कार में शामिल होने पहुंचे थे भाई

अबान की मौत के बाद प्रशासन की अनुमति से झांसी जेल में बंद अली और लखनऊ जेल में बंद उमर प्रयागराज पहुंचे थे। दोनों भाइयों ने सुरक्षा व्यवस्था के बीच आबान के अंतिम संस्कार में हिस्सा लिया। परिवार पर एक बार फिर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

अतीक अहमद के परिवार पर एक और बड़ा सदमा

अतीक अहमद के कुल पांच बेटे थे। उमेश पाल हत्याकांड के बाद पुलिस एनकाउंटर में तीसरे बेटे असद अहमद की मौत हो चुकी है। बड़ा बेटा उमर और दूसरा बेटा अली अलग-अलग जेलों में बंद हैं। चौथे नंबर का बेटा अजम अहमद प्रयागराज में परिवार के साथ रहकर पढ़ाई कर रहा है। अब सबसे छोटे बेटे आबान की सड़क दुर्घटना में मौत के बाद अतीक अहमद के पांच बेटों में सिर्फ तीन बेटे ही जीवित बचे हैं।

झांसी सड़क हादसे की जांच जारी

पुलिस ने झांसी सड़क हादसे की जांच शुरू कर दी है और डैशकैम वीडियो को महत्वपूर्ण सबूत के तौर पर शामिल किया गया है। अधिकारी हादसे की गति, वाहन की स्थिति और अन्य तकनीकी पहलुओं की भी जांच कर रहे हैं। शुरुआती संकेत तेज रफ्तार की ओर इशारा करते हैं, लेकिन अंतिम निष्कर्ष जांच रिपोर्ट आने के बाद ही सामने आएगा।