Assembly Election 2026: केरल विधानसभा चुनावों के लिए नौ अप्रैल को होने वाले मतदान की सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।इस चुनाव में 883 उम्मीदवार राज्य के करीब पौने तीन करोड़ मतदाताओं का समर्थन हासिल करने की कोशिश करेंगे।चुनाव तैयारियों के तहत राज्य में 30,495 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं।इनमें 24 सहायक मतदान केंद्र भी शामिल हैं।
3 राज्यों में चुनाव की तैयारियां पूरी
केरल के कासरगोड, कन्नूर, पलक्कड़, मलप्पुरम और एर्नाकुलम जिलों में नये मतदान केंद्र स्थापित किए जाएंगे।मतदान केंद्रों में से 352 का संचालन महिलाएं और 37 का संचालन दिव्यांग व्यक्ति करेंगे।राज्य में 140 वितरण और संग्रह केंद्र स्थापित किए गए हैं और मतपत्रों की गिनती 140 ‘स्ट्रांग रूम’ में की जाएगी।चुनाव प्रक्रिया के प्रबंधन के तहत,करीब डेढ़ लाख प्रशिक्षित चुनाव अधिकारियों को तैनात किया है।वहीं, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए 76,000 पुलिस कर्मियों और केंद्रीय बलों के कर्मियों की तैनाती की गई है।
23 देशों के 43 प्रतिनिधि देखेंगे चुनाव प्रक्रिया
इस दौरान 23 देशों के 43 प्रतिनिधि IEVP-2026 के तहत असम,केरल और पुडुचेरी में विधानसभा चुनाव प्रक्रिया का निरीक्षण करेंगे और मतदान केंद्रों व व्यवस्थाओं का दौरा करेंगे।दूसरे चरण में,प्रतिनिधि 20 अप्रैल से पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु का दौरा करेंगे। पांच विदेशी मिशन के प्रतिनिधियों सहित 23 देशों के कुल 43 प्रतिनिधि विधानसभा चुनावों को नजदीक से देखने के लिए असम, केरल और पुडुचेरी का दौरा करेंगे। चुनाव आयोग ने असम, केरल और पुडुचेरी विधानसभा चुनावों के लिए अंतरराष्ट्रीय चुनाव पर्यटक कार्यक्रम IEVP- 2026 लॉन्च किया है।
चुनाव आयोग की ओर से IEVP-2026 लॉन्च
इसके पहले चरण में प्रतिनिधि आज और कल असम, केरल और पुडुचेरी के दौरे पर रहेंगे। वे वितरण केंद्रों और अन्य सुविधाओं, जैसे कि जिला नियंत्रण कक्ष और मीडिया निगरानी केंद्रों का दौरा करेंगे। वहीं कल वे वास्तविक मतदान प्रक्रिया का भी निरीक्षण करेंगे।प्रतिनिधियों को कल IIDEM में EVM का प्रदर्शन दिखाया गया और उन्होंने चुनावी प्रक्रिया का व्यावहारिक अनुभव लेने के लिए मॉक पोल में भाग लिया।आपको बता दें कि,IEVP चुनाव आयोग का एक प्रमुख कार्यक्रम है जिसके तहत निर्वाचन आयोग लोकसभा और राज्य विधानसभा चुनावों को देखने के लिए वैश्विक चुनाव प्रबंधन संस्थाओं के प्रतिनिधियों को आमंत्रित करता है।










