Asian Games 2026: शनिवार, 26 सितंबर को 2026 एशियाई खेलों में भारतीय पुरुष कबड्डी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया। फाइनल मुकाबले में भारत ने ईरान को 40-34 से शिकस्त दी। मुकाबला शुरुआत से ही बेहद रोमांचक रहा और दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। पहले हाफ में पिछड़ने के बावजूद भारतीय खिलाड़ियों ने दूसरे हाफ में जोरदार वापसी की और आखिरकार मुकाबला अपने नाम कर लिया।
पुरुष कबड्डी फाइनल में ईरान की शुरुआती बढ़त

बताते चले कि, फाइनल के शुरुआती 20 मिनट में ईरान ने भारतीय टीम पर दबाव बनाए रखा। पहले हाफ के अंत तक ईरान ने 18-17 की मामूली बढ़त बना ली थी। भारतीय टीम लगातार वापसी की कोशिश कर रही थी, लेकिन ईरान के डिफेंस और रेडिंग के सामने उसे कई मौकों पर मुश्किलों का सामना करना पड़ा। हालांकि, एक अंक की बढ़त ने भारत को पूरी तरह मैच से बाहर नहीं किया और दूसरे हाफ में टीम ने रणनीति बदलते हुए आक्रामक खेल दिखाया।
दूसरे हाफ में भारतीय कबड्डी टीम की शानदार वापसी
दूसरे हाफ में भारतीय खिलाड़ियों ने मुकाबले की तस्वीर ही बदल दी। भारत ने इस हाफ में 23 अंक हासिल किए, जबकि ईरान की टीम केवल 16 अंक ही जोड़ सकी। भारतीय डिफेंस ने लगातार शानदार प्रदर्शन किया और ईरान के रेडर्स को अंक हासिल करने से रोकने में अहम भूमिका निभाई। मुकाबले के दौरान भारत ने ईरान को ऑलआउट भी किया, जिसके बाद ईरानी टीम दबाव में नजर आई। भारत ने इस मौके का पूरा फायदा उठाया और बढ़त को लगातार मजबूत करते हुए 40-34 से जीत दर्ज कर ली।
एशियन गेम्स 2026 में भारत का चौथा गोल्ड मेडल

पुरुष कबड्डी टीम की इस जीत के साथ 2026 एशियाई खेलों में भारत के गोल्ड मेडल की संख्या चार हो गई है। भारतीय दल के लिए पहला गोल्ड महिला क्रिकेट टीम ने जीता था। इसके बाद शूटिंग की मिक्स्ड टीम और कबड्डी में महिला टीम ने स्वर्ण पदक हासिल किया। अब पुरुष कबड्डी टीम ने भी ईरान को हराकर भारत के गोल्ड मेडल की संख्या चार कर दी है।
एशियाई खेलों में भारत का कबड्डी पर दबदबा
कबड्डी में भारत का दबदबा लंबे समय से कायम रहा है। 1990 से 2026 तक एशियाई खेलों में कबड्डी के 10 संस्करण खेले गए हैं। इनमें भारतीय पुरुष कबड्डी टीम ने नौ बार गोल्ड मेडल जीता है। भारत को केवल 2018 एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक से चूकना पड़ा था। अब 2026 में ईरान को हराकर भारतीय पुरुष टीम ने एक बार फिर कबड्डी में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज कराई है।
महिला कबड्डी टीम ने भी ईरान को हराकर जीता गोल्ड

इसी दिन इससे पहले भारतीय महिला कबड्डी टीम ने भी फाइनल में ईरान को मात देकर गोल्ड मेडल जीता था। महिला टीम ने बेहद करीबी मुकाबले में ईरान को 37-34 से हराया। मैच के दौरान दोनों टीमों के बीच लगातार कड़ी टक्कर देखने को मिली। शुरुआती दौर में भारत और ईरान की टीमें एक-दूसरे पर दबाव बनाती नजर आईं, लेकिन मुकाबला आगे बढ़ने के साथ भारतीय खिलाड़ियों ने अपनी पकड़ मजबूत की और अंत में तीन अंकों से जीत हासिल कर स्वर्ण पदक अपने नाम कर लिया।
2026 एशियाई खेलों में भारत के खाते में 28 मेडल
पुरुष कबड्डी में गोल्ड जीतने के बाद भारत के कुल पदकों की संख्या 28 हो गई है। भारतीय दल ने अब तक चार गोल्ड, 11 सिल्वर और 13 ब्रॉन्ज मेडल जीते हैं। चार स्वर्ण पदकों के साथ भारत मेडल टैली में 10वें स्थान पर पहुंच गया है। भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन को देखते हुए अब नजर इस बात पर है कि प्रतियोगिता के आगे बढ़ने के साथ भारत के पदकों की संख्या कहां तक पहुंचती है।
2023 के 107 मेडल के रिकॉर्ड पर भी रहेगी नजर
पिछले यानी 2023 में आयोजित एशियाई खेलों में भारत ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कुल 107 मेडल जीते थे। इस बार भी भारतीय दल से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है। 2026 एशियाई खेलों में अभी प्रतियोगिताएं जारी हैं और भारत के खाते में 28 पदक आ चुके हैं। ऐसे में आगे होने वाले मुकाबलों में भारतीय खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर सभी की नजरें रहेंगी।










