BMC Election Results: Owaisi का बड़ा बयान ‘पार्टी तोड़ने वालों को जनता मारेगी तमाचा, बिहार जैसा होगा हाल’

AIMIM प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने महाराष्ट्र निकाय चुनाव परिणामों के बाद नवनिर्वाचित पार्षदों को कड़ा संदेश दिया है। ओवैसी ने स्पष्ट किया कि गठबंधन का कोई भी फैसला केवल पार्टी नेतृत्व ही करेगा, व्यक्तिगत निर्णय लेने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। उन्होंने महाराष्ट्र में 125 सीटों पर जीत दर्ज करने पर मतदाताओं का आभार भी व्यक्त किया।

BMC Election Results

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

जनवरी 17, 2026

BMC Election Results: हैदराबाद के सांसद और ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने महाराष्ट्र नगर निगम चुनावों के परिणामों के बाद अपनी रणनीति स्पष्ट कर दी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि गठबंधन जैसे महत्वपूर्ण निर्णय केवल पार्टी नेतृत्व द्वारा लिए जाएंगे।

Maharashtra News: राज ठाकरे ने हार स्वीकारते हुए भरी हुंकार, कहा- ‘अभी लड़ाई खत्म नहीं हुई’

ओवैसी ने कड़ा रुख अपनाया

बताते चले कि, महाराष्ट्र के स्थानीय निकाय चुनावों में जीत दर्ज करने वाले पार्षदों को संबोधित करते हुए ओवैसी ने कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने साफ कहा कि नगर निगमों में किसी अन्य दल के साथ गठबंधन करना है या नहीं, इसका सर्वाधिकार पार्टी के पास सुरक्षित है। ओवैसी ने नवनिर्वाचित प्रतिनिधियों को आगाह किया कि कोई भी पार्षद व्यक्तिगत स्तर पर ऐसा कोई फैसला नहीं ले सकता। यदि कोई सदस्य अनुशासन का उल्लंघन करता है या खुद निर्णय लेने की कोशिश करता है, तो पार्टी उसके खिलाफ सख्त दंडात्मक कार्रवाई करेगी।

पार्टी तोड़ने की कोशिशों पर पलटवार

आपको बता दे कि, ओवैसी ने विरोधियों को चेतावनी देते हुए कहा कि AIMIM को कमजोर करने या उसके पार्षदों को तोड़ने की कोई भी कोशिश सफल नहीं होगी। उन्होंने बिहार का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां भी पार्टी को तोड़ने का प्रयास किया गया था, लेकिन जनता ने वोट की चोट से उन लोगों को करारा जवाब दिया। ओवैसी के अनुसार, “हमारे कॉरपोरेटर पार्टी के चुनाव चिह्न पर जीतकर आए हैं, वे कहीं नहीं जाएंगे। अगर उन्हें डराने या लालच देने की कोशिश हुई, तो जनता उन्हें तमाचा मारेगी।”

चुनावी आंकड़ों का विश्लेषण

चुनाव परिणामों और विपक्षी दलों द्वारा वोटर लिस्ट में गड़बड़ी के आरोपों पर बात करते हुए ओवैसी ने कहा कि उनकी टीम ने मतदाता सूची की जांच की थी और वह सही पाई गई। उन्होंने अपनी पार्टी की सफलता का विवरण देते हुए बताया कि बीएमसी (BMC) में AIMIM के 8 पार्षदों ने जीत दर्ज की है, जबकि औरंगाबाद में पार्टी के 33 कॉरपोरेटर चुनकर आए हैं। इसके अलावा अमरावती और अकोला में भी पार्टी ने अपनी मौजूदगी दर्ज कराई है। उन्होंने एकनाथ शिंदे के गढ़ में शिवसेना (UBT) की जीत का जिक्र करते हुए चुनावी निष्पक्षता पर अपनी बात रखी।

हिंदू और दलित उम्मीदवारों की जीत पर खुशी

ओवैसी ने अपनी पार्टी की समावेशी छवि पर जोर देते हुए कहा कि उनकी सफलता में केवल मुस्लिम ही नहीं, बल्कि हिंदू और दलित भाइयों का भी बड़ा योगदान है। उन्होंने बताया कि पार्टी के टिकट पर कई गैर-मुस्लिम उम्मीदवार भी विजयी हुए हैं। हालांकि, उन्होंने इस बात पर खेद जताया कि वे पश्चिम महाराष्ट्र में चुनाव प्रचार के लिए समय नहीं निकाल सके। उन्होंने महाराष्ट्र के उन मतदाताओं का आभार व्यक्त किया जिन्होंने राज्यभर में पार्टी के 125 पार्षदों को चुनकर भेजा है।

ओडिशा की घटना पर बीजेपी को घेरा

प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान ओवैसी ने कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर भारतीय जनता पार्टी को भी निशाने पर लिया। उन्होंने ओडिशा के बालासोर में हुई मॉब लिंचिंग की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि वहां बीजेपी की सरकार होने के बावजूद खुलेआम हत्याएं हो रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ऐसी घटनाओं को रोकने में विफल रही है और अल्पसंख्यकों की सुरक्षा दांव पर है।

Maharashtra Municipal Elections: श्रीकांत पंगारकर का जालना में जलवा, पत्रकार हत्याकांड के आरोपी ने बीजेपी को दी शिकस्त