Arshdeep Singh: भारतीय क्रिकेट टीम के तेजा गेंदबाज अर्शदीप सिंह इन दिनों सिर्फ अपने खेल ही नहीं, बल्कि अपनी निजी जिंदगी को लेकर भी सुर्खियों में है। हाल ही में उनके और पंजाबी अभिनेत्री समरीन कौर के बीच रिश्ते की चर्चाएं तेजी से फैल रही हैं।
क्रिकेट और फिल्म इंडस्ट्री के बीच रिश्ते कोई नई बात नहीं हैं। इससे पहले भी कई भारतीय क्रिकेटरों ने अभिनेत्रियों के साथ शादी की है। अब इस लिस्ट में अर्शदीप सिंह का नाम जुड़ने की अटकलें लगाई जा रही हैं। सोशल मीडिया पर दोनों की कुछ तस्वीरें सामने आने के बाद इन चर्चाओं ने और तूल पकड़ लिया है।
SRH vs RR: प्रफुल्ल हिंगे के एक ओवर ने उजाड़ा राजस्थान का चमन, हैदराबाद की 57 रनों से बड़ी जीत
गुरुद्वारे में साथ दिखे दोनों
आपको बता दें कि, हाल ही में अर्शदीप सिंह फतेहगढ़ साहिब गुरुद्वारा में माथा टेकने पहुंचे थे। उन्होंने इस दौरे की तस्वीरें अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर कीं। वहीं, लगभग उसी समरीन कौर ने भी उसी स्थान की तस्वीर पोस्ट की, जो बिल्कुल समान थी। इन पोस्ट्स के सामने आने के बाद फैंस को यह यकीन हो गया कि दोनों साथ में गुरुद्वारे गए थे। इससे पहले भी दोनों को एयरपोर्ट पर एक साथ देखा जा चुका है, जिससे उनके रिश्ते की खबरों को और मजबूती मिली है।
क्या अब सार्वजनिक हो गया रिश्ता?

अर्शदीप सिंह और समरीन कौर द्वारा एक जैसी तस्वीरें साझा करना इस बात का संकेत माना जा रहा है कि अब दोनों अपने रिश्ते को छिपाना नहीं चाहते। गौरतलब है कि पहली बार उनके रिश्ते की चर्चा भी क्रिकेटर के सोशल मीडिया पोस्ट से ही शुरू हुई थी। फैंस इस जोड़ी को लेकर काफी उत्साहित हैं और सोशल मीडिया पर लगातार उनकी तस्वीरों और वीडियो पर प्रतिक्रिया दे रहे हैं। हालांकि, दोनों की ओर से आधिकारिक तौर पर रिश्ते की पुष्टि अभी तक नहीं की गई है।
आईपीएल 2026 में अर्शदीप का प्रदर्शन
क्रिकेट की बात करें तो अर्शदीप सिंह इस समय पंजाब किंग्स के लिए आईपीएल 2026 में खेल रहे हैं। टीम का प्रदर्शन अब तक शानदार रहा है। खबर लिखे जाने तक पंजाब किंग्स ऐसी टीम रही है, जिसने इस सीजन में एक भी मैच नहीं गंवाया है। टीम ने अब तक चार मुकाबलों में से तीन में जीत दर्ज की है, जबकि एक मैच बारिश के कारण रद्द हो गया। हालांकि, अर्शदीप का व्यक्तिगत प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा है। उन्होंने चार मैचों में केवल दो विकेट लिए हैं, और दोनों विकेट एक ही मुकाबले में आए हैं।
क्रिकेट करियर पर एक नजर
27 वर्षीय अर्शदीप सिंह का अंतरराष्ट्रीय करियर भी काफी प्रभावशाली रहा है। उन्होंने अब तक 15 वनडे और 84 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। इन मैचों में उन्होंने क्रमशः 25 और 127 विकेट अपने नाम किए हैं। आईपीएल में उन्होंने साल 2019 में डेब्यू किया था और तब से लगातार पंजाब किंग्स का हिस्सा बने हुए हैं। अब तक खेले गए 86 आईपीएल मैचों में उनके नाम 99 विकेट दर्ज हैं, और वह अपने 100 विकेट के आंकड़े से सिर्फ एक कदम दूर हैं









