Air Force Plane Crash: उत्तर प्रदेश के प्रयागराज से एक बड़ी और चौंकाने वाली खबर सामने आई है। बुधवार दोपहर शहर के पॉश इलाके में स्थित केपी कॉलेज के पास सेना का एक ट्रेनिंग एयरक्राफ्ट अनियंत्रित होकर गिर गया। गनीमत यह रही कि विमान रिहायशी बस्ती के बजाय पास के एक तालाब में जा गिरा, जिससे एक बड़ी जनहानि टल गई। इस हादसे के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।
शादी के सिर्फ 2 महीने और 13 साल की लड़ाई, पति-पत्नी के 40 मामले सुप्रीम कोर्ट तक पहुँचे
हवा में डगमगाकर तालाब में समाया एयरक्राफ्ट
बताते चले कि, बुधवार की दोपहर प्रयागराज के आसमान में उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब एक सैन्य प्रशिक्षण विमान अचानक हवा में डगमगाने लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विमान की उड़ान सामान्य नहीं लग रही थी और देखते ही देखते वह केपी कॉलेज के ठीक पीछे स्थित एक तालाब (दलदल) में जा गिरा। विमान के गिरते ही तेज आवाज हुई, जिसे सुनकर आसपास के लोग सहम गए। शुरुआती जानकारी के अनुसार, तकनीकी खराबी के कारण पायलट ने विमान पर से नियंत्रण खो दिया था, जिसके बाद यह हादसा हुआ।
दलदल से सुरक्षित निकाले गए तीनों सवार
आपको बता दे कि, जैसे ही विमान तालाब में गिरा, वहां मौजूद स्थानीय लोग देवदूत बनकर सामने आए। प्रत्यक्षदर्शी पदम सिंह ने बताया कि वे स्कूल कैंपस में थे, तभी उन्हें रॉकेट जैसी तेज आवाज सुनाई दी। जब वे मौके पर पहुंचे, तो देखा कि विमान दलदल में फंसा हुआ था और उसमें सवार लोग मदद के लिए पुकार रहे थे। बिना अपनी जान की परवाह किए, स्थानीय निवासी तालाब में कूद गए। ग्रामीणों और युवाओं ने मिलकर विमान में सवार तीनों व्यक्तियों को सुरक्षित बाहर निकाला। लोगों ने तत्काल डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी।
पैराशूट की मदद से बची जान
राहत की बात यह है कि इस गंभीर हादसे में विमान में सवार दोनों ट्रेनी पायलट पूरी तरह सुरक्षित हैं। चश्मदीदों ने बताया कि विमान के गिरने से ठीक पहले पैराशूट खुल गया था, जिससे पायलटों को सुरक्षित लैंडिंग में मदद मिली। हालांकि, दलदल में फंसने के कारण उन्हें हल्की चोटें आई हैं, जिसके बाद उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रशासन अभी इस बात की पुष्टि करने में जुटा है कि विमान में कुल कितने लोग सवार थे, लेकिन प्राथमिक तौर पर 3 लोगों के रेस्क्यू की बात सामने आ रही है।
मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड और रेस्क्यू टीमें
हादसे की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन, पुलिस बल और फायर ब्रिगेड की टीमें घटनास्थल पर पहुंच गईं। सेना के अधिकारी भी मौके पर पहुंचकर विमान के मलबे की जांच कर रहे हैं। प्रशासन ने इलाके की घेराबंदी कर दी है ताकि भीड़ को नियंत्रित किया जा सके। सैन्य विशेषज्ञों द्वारा इस बात की गहन जांच की जा रही है कि आखिर तकनीकी रूप से सक्षम विमान में इस तरह की खराबी कैसे आई। फिलहाल, प्राथमिकता पायलटों के स्वास्थ्य और विमान के मलबे को सुरक्षित निकालने की है।










