Anshula Kapoor Wedding: कपूर खानदान में एक बार फिर शहनाई गूंज उठी है। मशहूर अभिनेता अर्जुन कपूर की बहन और बोनी कपूर की बेटी अंशुला कपूर ने अपने लॉन्ग-टर्म बॉयफ्रेंड रोहन ठक्कर के साथ शादी रचा ली है। लंबे समय के खूबसूरत रिलेशनशिप के बाद दोनों ने अपनी जिंदगी के इस नए सफर का आगाज कर दिया है। जैसे ही इस भव्य विवाह समारोह की मनमोहक तस्वीरें और दिल छू लेने वाले वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आए, इंटरनेट पर बधाइयों का तांता लग गया। फैंस से लेकर बॉलीवुड के दिग्गज सितारों तक, हर कोई इस नवविवाहित जोड़े पर अपना प्यार और शुभकामनाएं बरसा रहा है।
सात फेरों के साथ नई शुरुआत
बताते चले कि, अंशुला कपूर और रोहन ठक्कर के विवाह की रस्में बेहद खास और पारंपरिक अंदाज में पूरी की गईं। शादी के सामने आए मुख्य वीडियो क्लिप में इस नए जोड़े को अपने बेहद करीबी दोस्तों और परिवार के सदस्यों के बीच पवित्र सात फेरे लेते हुए देखा गया। हिंदू रीति-रिवाज से सात फेरे पूरे करने के तुरंत बाद अंशुला और रोहन ने कानूनन अपनी शादी रजिस्टर भी करवाई। इस दौरान दुल्हन बनीं अंशुला के चेहरे की खुशी देखने लायक थी, वहीं दूल्हे राजा रोहन ठक्कर भी बेहद खुश नजर आए।
कपूर सिब्लिंग्स का इमोशनल सपोर्ट
आपको बता दे कि, शादी के इस भावुक और खुशनुमा पल में अंशुला का पूरा परिवार मजबूती से उनके साथ खड़ा दिखाई दिया। वायरल हो रहे वीडियो क्लिप्स में जब अंशुला और रोहन शादी की कसमें (मैरिज वोज) ले रहे थे, तब उनके भाई अर्जुन कपूर और बहनें जाह्नवी कपूर व खुशी कपूर उनके ठीक पीछे खड़े होकर इस पल के साक्षी बन रहे थे। भाई-बहनों का यह आपसी स्नेह सोशल मीडिया पर खूब सुर्खियां बटोर रहा है।
बॉलीवुड दिग्गजों की महफिल
मुंबई के आलीशान होटल ताज लैंड्स एंड में आयोजित इस पारंपरिक शादी समारोह में बॉलीवुड का भी जमावड़ा देखने को मिला। शादी के एक खास वीडियो में अंशुला के अंकल और एवरग्रीन सुपरस्टार अनिल कपूर शादी में आए मेहमानों से गर्मजोशी के साथ बातचीत करते हुए नजर आए। वहीं अनिल कपूर के बेहद करीबी दोस्त और बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता अनुपम खेर ने भी इस शादी में शिरकत कर दूल्हा-दुल्हन को अपना विशेष आशीर्वाद दिया। माता की चौकी से लेकर मेहंदी और चूड़ा सेरेमनी तक, कपूर परिवार ने शादी के हर फंक्शन का जमकर लुत्फ उठाया।
डेटिंग ऐप से शुरू हुआ सफर
अंशुला और रोहन की लव स्टोरी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। दोनों की पहली मुलाकात साल 2022 में एक डेटिंग ऐप के जरिए हुई थी, जिसके बाद धीरे-धीरे उनकी बातचीत गहरी बॉन्डिंग में बदल गई। इसके बाद जुलाई 2025 में एक बेहद रोमांटिक ट्रिप के दौरान रोहन ने न्यूयॉर्क के सेंट्रल पार्क में ठीक रात के 1:15 बजे अंशुला को शादी के लिए प्रपोज किया था—यह ठीक वही समय था जब दोनों ने पहली बार चैट करना शुरू किया था। जुलाई 2025 में सगाई करने के बाद आखिरकार दोनों ने सोमवार को शादी कर ली।
चूड़ा सेरेमनी का मजेदार किस्सा
इस पूरी शादी का सबसे मजेदार और यादगार किस्सा अंशुला की चूड़ा सेरेमनी के दौरान का रहा। रस्म के मुताबिक, जब अंशुला अपनी अविवाहित सहेलियों और भाई-बहनों के ऊपर अपने ‘कलीरे’ हिला रही थीं, तो कलीरे का एक टुकड़ा भाई अर्जुन कपूर के ऊपर गिर गया। कलीरा गिरते ही अर्जुन कपूर की खुशी का ठिकाना नहीं रहा और वह बच्चों की तरह उत्साहित हो गए। इस पल की झलक शेयर करते हुए अंशुला ने लिखा:”मैंने कभी किसी को कलीरा चुने जाने के लिए इतना उत्साहित नहीं देखा! यह मेरा सबसे पसंदीदा हिस्सा है। मजेदार बात यह है कि जो कलीरा भाई पर गिरा, उस पर ‘स्माइल’ लिखा था!”










