
UP Politics: उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले समान नागरिक संहिता (UCC) का मुद्दा एक बार फिर गरमा गया है। केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने लखनऊ में बीजेपी कार्यसमिति की बैठक के दौरान बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि देश के कई राज्यों में समान नागरिक संहिता लागू हो चुकी है और उत्तर प्रदेश में भी इसे लागू किया जाएगा। हालांकि, इसके लिए प्रदेश में बीजेपी की तीसरी बार सरकार बनानी होगी।
अमित शाह ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि अगर उत्तर प्रदेश की जनता बीजेपी को लगातार तीसरी बार सत्ता में पहुंचाती है तो पार्टी यहां भी यूसीसी लागू करेगी। उनके इस बयान के बाद प्रदेश की राजनीति में इस मुद्दे पर नई चर्चा शुरू हो गई है।
अखिलेश यादव का UCC पर तंज

अमित शाह के यूसीसी वाले बयान पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव से भी सवाल किया गया। इस पर उन्होंने अपने अंदाज में जवाब देते हुए कहा, ”बड़ी देर कर दी, मेहरबां आते-आते।” अखिलेश के इस बयान को अमित शाह के ऐलान पर तंज के तौर पर देखा जा रहा है।यूपी चुनाव से पहले यूसीसी का मुद्दा बीजेपी और विपक्ष के बीच राजनीतिक बहस का नया कारण बन सकता है। बीजेपी जहां इसे अपने चुनावी एजेंडे में शामिल करने के संकेत दे रही है, वहीं अखिलेश यादव ने फिलहाल इस पर तंज कसकर अपनी प्रतिक्रिया दी है।
अमित शाह बोले- यूपी में बीजेपी अंगद का पैर है
बीजेपी कार्यसमिति की बैठक में अमित शाह ने पार्टी कार्यकर्ताओं में जोश भरने की कोशिश की। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में बीजेपी अंगद का पैर है, जिसे कोई हिला नहीं सकता। शाह ने कार्यकर्ताओं से चुनाव की तैयारी में पूरी ताकत लगाने को कहा।उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं को अर्जुन की तरह सिर्फ मछली की आंख यानी चुनावी लक्ष्य पर नजर रखनी चाहिए। पार्टी को फिर से सरकार बनानी है और इसके लिए सभी को मिलकर काम करना होगा। शाह ने कार्यकर्ताओं से किसी भी तरह की दुविधा में न रहने की अपील की।

2014 से 2017 तक बीजेपी की जीत का अमित शाह ने किया जिक्र
अमित शाह ने उत्तर प्रदेश में बीजेपी के पुराने चुनावी सफर को भी याद किया। उन्होंने कहा कि 2014 में पार्टी के पास केवल 44 विधायक थे और उस समय संगठन की स्थिति को लेकर काफी निराशा थी। उन्होंने खुद तहसील स्तर तक जाकर संगठन को मजबूत करने का काम किया। शाह के मुताबिक, संगठन मजबूत होने के बाद 2014 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी ने उत्तर प्रदेश में 41 प्रतिशत वोट हासिल किए और 73 सीटों पर जीत दर्ज की। इसके बाद 2017 के विधानसभा चुनाव में पार्टी ने करीब 40 प्रतिशत वोट के साथ 312 सीटें जीतीं।

उन्होंने नोटबंदी का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव पर निशाना साधा। शाह ने कहा कि 2017 में नोटबंदी के दौरान अखिलेश यादव को रातभर नींद नहीं आई थी। इस बयान के जरिए उन्होंने विपक्ष पर राजनीतिक हमला भी बोला।
अमित शाह ने योगी सरकार के कानून-व्यवस्था मॉडल को सराहा
बैठक में अमित शाह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की भी जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि योगी आदित्यनाथ ने कठोर शासन देकर उत्तर प्रदेश को माफियाओं से मुक्त करने का काम किया है। शाह ने इसके लिए मुख्यमंत्री को बधाई भी दी।
अमित शाह के पूरे संबोधन में 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारी, संगठन की मजबूती, कानून-व्यवस्था और यूसीसी जैसे मुद्दे प्रमुख रहे। उनके बयान से साफ संकेत मिला कि बीजेपी आगामी चुनाव में योगी सरकार के कामकाज और समान नागरिक संहिता के वादे को अहम मुद्दा बना सकती है। वहीं, अखिलेश यादव के तंज ने इस राजनीतिक बहस को और दिलचस्प बना दिया है।











