Parliament Monsoon Session: संसद के मानसून सत्र का गुरुवार को 18वां दिन है। दिल्ली में कथित पुलिस ज्यादती समेत कई मुद्दों को लेकर विपक्ष लगातार केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से जवाब की मांग कर रहा है। कई दिनों से संसद के दोनों सदनों में विपक्ष के विरोध और हंगामे के कारण कार्यवाही प्रभावित हो रही है। इसी बीच गृह मंत्री अमित शाह ने विपक्ष के सवालों का जवाब देने की समयसीमा तय करते हुए बड़ा बयान दिया है।
अमित शाह बोले- सभी सवाल लिखकर दें, कल 3 बजे दूंगा जवाब
बताते चले कि, संसद परिसर में मीडिया से बातचीत के दौरान अमित शाह ने विपक्ष से कहा कि वह अपने सभी सवाल लिखकर दे। गृह मंत्री ने कहा कि वह शुक्रवार दोपहर तीन बजे तक विपक्ष की ओर से उठाए गए सभी सवालों का जवाब देने के लिए तैयार हैं। शाह के इस बयान को संसद में जारी गतिरोध के बीच सरकार की ओर से चर्चा और जवाब देने की पेशकश के तौर पर देखा जा रहा है।
गृह मंत्री ने विपक्ष से मांगे लिखित सवाल
अमित शाह ने कहा कि विपक्ष जिन मुद्दों पर सरकार से जवाब चाहता है, उन सभी सवालों को लिखित रूप में दिया जाए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि वह तय समय तक सवालों का जवाब देंगे। शाह ने यह बयान ऐसे समय दिया है जब विपक्ष लगातार संसद में विभिन्न मुद्दों पर चर्चा कराने और गृह मंत्री से जवाब की मांग कर रहा है।
‘लापता’ और ‘भाग गए’ जैसे शब्दों पर अमित शाह ने जताई नाराजगी
गृह मंत्री अमित शाह ने विपक्ष के आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि संसद के मौजूदा सत्र के दौरान ‘लापता’ और ‘भाग गए’ जैसे शब्द सार्वजनिक और संसदीय जीवन में लगातार सुनने को मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि वह सत्र शुरू होने के बाद से लगातार संसद आ रहे हैं और अपने कार्यालय में मौजूद रहते हैं। शाह ने सवाल उठाया कि जब वह संसद में मौजूद हैं और अपने कक्ष में बैठ रहे हैं, तो विपक्ष की ओर से उनके ‘लापता’ होने जैसे आरोप क्यों लगाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विपक्ष दोनों सदनों की कार्यवाही नहीं चलने दे रहा है और ऐसे हालात में आखिर कोई क्या कर सकता है।
संसद में चर्चा को लेकर अमित शाह ने विपक्ष पर साधा निशाना
केंद्रीय गृह मंत्री ने संसद में चर्चा को लेकर भी विपक्ष पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि सरकार हर मुद्दे पर चर्चा के लिए तैयार है। शाह ने विशेष रूप से नीट परीक्षा के विरोध से जुड़े मुद्दे का उल्लेख करते हुए कहा कि केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि सरकार इस विषय पर पूरी चर्चा के लिए तैयार है।
नीट मुद्दे पर चर्चा के लिए सरकार तैयार- शाह
अमित शाह ने कहा कि विपक्ष की शुरुआती मांग ही चर्चा कराने की थी और सरकार ने उस मांग को स्वीकार कर लिया था। उनके मुताबिक, सरकार ने चर्चा के लिए समय तय करने और विपक्ष के तैयार रहने की बात कही थी। इसके बावजूद संसद में चर्चा नहीं हो पा रही है। शाह ने कहा कि वह खुद भी संसद में किसी भी सवाल का जवाब देने के लिए तैयार हैं। उनका आरोप है कि विपक्ष चर्चा ही नहीं होने देना चाहता। ऐसे में उन्होंने विपक्ष से सवाल किया कि आखिर चर्चा से भाग कौन रहा है।
‘जनता तय करे कि चर्चा से कौन भाग रहा है’
अमित शाह ने संसद में जारी गतिरोध को लेकर विपक्ष पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि अब जनता को तय करना चाहिए कि चर्चा से कौन भाग रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की ओर से चर्चा के लिए तैयारी जताई जा चुकी है और वह खुद भी विपक्ष के सवालों का जवाब देने को तैयार हैं। गृह मंत्री का यह बयान ऐसे समय आया है जब मानसून सत्र में लगातार हंगामा देखने को मिल रहा है। विपक्ष विभिन्न मुद्दों पर सरकार को घेरने की कोशिश कर रहा है, जबकि सत्ता पक्ष का आरोप है कि विपक्ष संसद की कार्यवाही नहीं चलने दे रहा है। अब अमित शाह की ओर से शुक्रवार दोपहर तीन बजे तक जवाब देने की घोषणा के बाद संसद में इस मुद्दे पर आगे क्या रुख सामने आता है, इस पर सभी की नजरें रहेंगी।










