Amethi News: अमेठी में काल बना सड़क किनारे खड़ा ट्रक, एक ही परिवार के 3 लोगों की गई जान

जायस से रायबरेली जा रही दो बाइकों की सड़क किनारे खड़े सीमेंट लदे ट्रक (UP 36 T 1485) से जोरदार भिड़ंत हो गई। दोनों बाइकों पर सवार कुल 7 लोग इस हादसे का शिकार हुए, जिनमें से एक 6 वर्षीय मासूम बच्ची समेत तीन लोगों की मौत हो गई। अन्य 4 घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है, जिन्हें अस्पताल रेफर किया गया है।

Bengaluru Accident

Wrriten By :

Nivedita Kasaudhan

Published On :

मार्च 10, 2026

Amethi News: उत्तर प्रदेश के अमेठी जिले में सोमवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जिसमें 6 साल की मासूम बच्ची समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह दुर्घटना फुरसतगंज थाना क्षेत्र के निगोहा गांव के पास बांदा–टांडा राष्ट्रीय राजमार्ग पर हुई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन तीन लोगों ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंच गई और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। वहीं इस हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने हाईवे पर वाहनों को लापरवाही से खड़ा करने पर नाराजगी भी जताई है।

Crypto Market Today: बिटकॉइन और अल्टकॉइन में हल्की तेजी या गिरावट? देखें आज का क्रिप्टो मार्केट रेट

खड़े ट्रक में पीछे से टकराईं दोनों बाइकें

जानकारी के मुताबिक एक ट्रक सड़क किनारे सीमेंट लादकर खड़ा था। इसी ट्रक के पीछे दो बाइकें अनियंत्रित होकर जा टकराईं। ट्रक का नंबर यूपी 36 टी 1485 बताया जा रहा है। दोनों बाइकें जायस से रायबरेली की ओर जा रही थीं और उनमें कुल सात लोग सवार थे। बताया गया कि एक बाइक पर तीन लोग बैठे थे, जबकि दूसरी बाइक पर एक बच्चे सहित चार लोग सवार थे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार वाहन से बचने की कोशिश में बाइक सवारों का संतुलन बिगड़ गया। इसी दौरान दोनों बाइकें सड़क किनारे खड़े ट्रक के पीछे जा भिड़ीं।

दोनों बाइकें साथ-साथ चल रही थीं, इसलिए टक्कर काफी तेज हुई और सभी सात लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी।

अस्पताल पहुंचते ही तीन लोगों को मृत घोषित किया गया

घटना के बाद सभी घायलों को एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फुरसतगंज ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों में 6 साल की दिशा, उसके पिता अतुल (38) पुत्र विनोद कुमार और हीरालाल (45) पुत्र सतीदीन शामिल हैं। दिशा और उसके पिता अतुल इंदु का पुरवा, गांधीनगर थाना जायस के रहने वाले थे, जबकि हीरालाल फरीदपुर परवर थाना जायस के निवासी बताए गए हैं।

चार घायलों को जिला अस्पताल किया गया रेफर

हादसे में घायल रानी (30) पत्नी अतुल, शिवानी (18) पुत्री सत्यनारायण और पल्लवी (16) पुत्री हीरालाल की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल रायबरेली रेफर कर दिया गया है। वहीं 12 वर्षीय माही, जो जीवनलाल की पुत्री है और रायबरेली जिले के मिल एरिया थाना क्षेत्र के संदीराम गांव की रहने वाली है, उसका इलाज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र फुरसतगंज में जारी है।

सभी लोग आपस में रिश्तेदार थे

घटना स्थल पर पहुंचे शिवानी के पिता सत्यनारायण ने बताया कि हादसे में घायल और मृत सभी लोग आपस में रिश्तेदार हैं। उन्होंने बताया कि उनकी बेटी शिवानी अपने मायके ओदारी चौराहा आई हुई थी और परिवार के साथ ससुराल वापस जा रही थी। इसी दौरान रास्ते में यह हादसा हो गया। उन्होंने यह भी बताया कि दुर्घटना में उनकी नातिन माही भी घायल हुई है। हादसे की खबर मिलते ही परिजन मौके पर पहुंच गए और पूरे परिवार में शोक का माहौल बन गया।

पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही फुरसतगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू कराया। प्रभारी निरीक्षक नंदहौशिला यादव ने बताया कि हादसे में एक बच्ची समेत तीन लोगों की मौत हुई है, जबकि चार लोग घायल हैं। तिलोई के पुलिस क्षेत्राधिकारी दिनेश कुमार मिश्र भी मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। साथ ही दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर सड़क पर यातायात बहाल करा दिया गया है। पुलिस मृतकों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी करने में जुटी हुई है।

मिडिल ईस्ट संकट का असर, रुपया टूटा — डॉलर के मुकाबले 92.5 के ऐतिहासिक निचले स्तर पर