UP News: अमेठी में BSP नेता पर जानलेवा हमला, विधायक पर लगाए गंभीर आरोप

अमेठी में BSP नेता शशिकांत तिवारी पर जानलेवा हमले का मामला सामने आया है। आरोप है कि बाइक सवार तीन नकाबपोश बदमाशों ने उनकी कार पर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला किया। शशिकांत ने गौरीगंज विधायक राकेश प्रताप सिंह पर हमला कराने का आरोप लगाया है। पुलिस ने FIR दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

UP News

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

अगस्त 9, 2026

UP News: उत्तर प्रदेश के अमेठी में शनिवार देर रात बहुजन समाज पार्टी (BSP) नेता शशिकांत तिवारी पर कथित तौर पर जानलेवा हमला किए जाने का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक, बाइक सवार तीन अज्ञात नकाबपोश युवकों ने जामो मोड़ के पास उनकी कार को घेरकर लाठी-डंडों और पत्थरों से हमला किया। घटना के वक्त शशिकांत तिवारी कार के अंदर ही मौजूद थे। हमले में वह बाल-बाल बच गए, जबकि उनकी कार को काफी नुकसान पहुंचा।

BSP नेता शशिकांत तिवारी पर हमला

बताते चले कि, घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। शशिकांत तिवारी ने देर रात गौरीगंज थाने पहुंचकर पुलिस को लिखित शिकायत दी और अज्ञात हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उनकी शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस घटनास्थल और आसपास के संभावित सबूतों को खंगालने के साथ ही हमलावरों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।

बाइक सवार तीन युवकों पर हमला करने का आरोप

BSP नेता की ओर से दी गई तहरीर के मुताबिक, शनिवार 8 अगस्त की रात वह गौरीगंज थाना क्षेत्र के जामो मोड़ के पास थे। इसी दौरान मोटरसाइकिल पर सवार तीन अज्ञात युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि युवकों ने अचानक उनकी कार पर हमला शुरू कर दिया और लाठी-डंडों तथा पत्थरों से वाहन में तोड़फोड़ की। हमले के दौरान शशिकांत तिवारी कार के भीतर ही मौजूद थे।

लाइसेंसी पिस्टल निकालते ही मौके से भागे हमलावर

शशिकांत तिवारी का कहना है कि जब हमलावरों ने उनकी कार पर हमला किया तो उन्होंने अपनी लाइसेंसी पिस्टल निकाल ली। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। घटना के तुरंत बाद वह गौरीगंज थाने पहुंचे और पुलिस को पूरी जानकारी दी। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि हमला पहले से सुनियोजित था या किसी विवाद के बाद आरोपियों ने वारदात को अंजाम दिया।

BSP नेता ने गौरीगंज विधायक राकेश प्रताप सिंह पर लगाया आरोप

इस मामले में शशिकांत तिवारी ने गौरीगंज से विधायक राकेश प्रताप सिंह पर गंभीर आरोप लगाया है। BSP नेता का दावा है कि विधायक की कथित टिप्पणी को लेकर उन्होंने सोशल मीडिया पर प्रतिक्रिया दी थी और इसी विवाद के चलते उन पर हमला कराया गया। हालांकि, विधायक राकेश प्रताप सिंह ने इस आरोप पर सीधे तौर पर कुछ भी कहने से इनकार किया है।

ब्राह्मण समाज पर टिप्पणी को लेकर शुरू हुआ था विवाद

शशिकांत तिवारी के मुताबिक, पिछले दिनों विधायक राकेश प्रताप सिंह की ओर से ब्राह्मण समुदाय को लेकर की गई कथित टिप्पणी पर उन्होंने सोशल मीडिया के माध्यम से आपत्ति जताई थी। उन्होंने फेसबुक लाइव के जरिए भी अपनी प्रतिक्रिया सामने रखी थी। BSP नेता का आरोप है कि इसी सोशल मीडिया विवाद के बाद उन्हें निशाना बनाया गया।हालांकि, हमले के पीछे वास्तविक कारण क्या है, यह फिलहाल पुलिस जांच का विषय है। पुलिस ने सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू कर दी है।

राकेश प्रताप सिंह बोले- निष्पक्ष जांच हो, दोषियों पर हो कार्रवाई

वहीं, विधायक राकेश प्रताप सिंह ने घटना पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पुलिस को पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि जांच के बाद जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ कानून के मुताबिक कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। विधायक ने लगाए गए आरोपों पर कोई विस्तृत टिप्पणी करने से इनकार किया।

गौरीगंज पुलिस ने दर्ज की FIR

गौरीगंज थाने के प्रभारी निरीक्षक रवि सिंह के मुताबिक, मामले में तीन अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस घटना की जांच कर रही है और आरोपियों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि जल्द ही हमलावरों को गिरफ्तार किया जाएगा।

शशिकांत तिवारी अमेठी जिले के गौरीगंज कस्बे के वार्ड नंबर 22 के रहने वाले हैं। वह पहले BSP के जिला प्रवक्ता भी रह चुके हैं। उनकी पत्नी रागिनी तिवारी ने 2022 के विधानसभा चुनाव में अमेठी सीट से BSP उम्मीदवार के तौर पर चुनाव लड़ा था। फिलहाल पुलिस जांच के बाद ही हमले की पूरी वजह और इसमें शामिल लोगों की वास्तविक भूमिका स्पष्ट हो सकेगी।