Alka Yagnik Gratitude Post: 23 जून, मंगलवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक विशेष समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने दिग्गज प्लेबैक सिंगर अलका याग्निक को देश के प्रतिष्ठित ‘पद्म भूषण’ सम्मान से नवाजा। इस गौरवपूर्ण अवसर पर अलका याग्निक जब पुरस्कार लेने के लिए मंच की ओर बढ़ीं, तो वह काफी कमजोर नजर आ रही थी और उन्हें चलने के लिए एक अटेंडेंट की सहायता लेनी पड़ी। उनकी शारीरिक स्थिति को देखकर न केवल वहां मौजूद लोग, बल्कि सोशल मीडिया पर उनके प्रशंसक भी उनकी सेहत को लेकर चिंतित हो उठे। हालांकि, अपनी खराब सेहत के बावजूद मंच पर उनकी उपस्थिति ने उनके साहस और दृढ़ संकल्प का परिचय दिया।
पिछले दो वर्षों का कठिन सफर
बताते चले कि, पद्म भूषण मिलने के बाद अलका याग्निक ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपने प्रशंसकों के प्रति आभार व्यक्त किया और अपनी लंबी बीमारी का पहली बार सार्वजनिक रूप से खुलासा किया। उन्होंने बताया कि वे पिछले दो वर्षों से स्वास्थ्य संबंधी गंभीर चुनौतियों से जूझ रही हैं, जिसके कारण वे सार्वजनिक जीवन और लाइमलाइट से दूर थी। अलका ने अपने प्रशंसकों की दुआओं और अटूट समर्थन के लिए उन्हें धन्यवाद देते हुए कहा कि यही प्यार उन्हें इस कठिन दौर में आगे बढ़ने की हिम्मत दे रहा है। उन्होंने माना कि यह सम्मान सिर्फ उनके काम की पहचान नहीं, बल्कि उनके प्रशंसकों का भी सम्मान है, जिन्होंने दशकों तक उनकी आवाज को अपनी जिंदगी का हिस्सा बनाया।
‘सेंसरीन्यूरल हियरिंग लॉस’ से जूझ रही हैं गायिका
अलका याग्निक की बीमारी के पीछे का मुख्य कारण एक अचानक हुआ ‘वायरल अटैक’ है, जिसके चलते उन्हें ‘सेंसरीन्यूरल हियरिंग लॉस’ (सुनने की क्षमता का कम होना) जैसी गंभीर समस्या का सामना करना पड़ा है। इस बीमारी के बारे में उन्होंने पहली बार 2024 में खुलकर बात की थी। हालांकि, एक हालिया इंटरव्यू में उन्होंने स्वीकार किया कि वे अभी पूरी तरह स्वस्थ नहीं हुई हैं और उन्हें अभी भी कई दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस स्वास्थ्य स्थिति का उनके करियर पर भी गहरा असर पड़ा है, जिसके कारण वे फिलहाल नए गानों की रिकॉर्डिंग करने में असमर्थ हैं।
वापसी की राह पर अलका याग्निक
पद्म भूषण सम्मान को स्वीकार करते हुए अलका याग्निक ने भावुक होकर कहा कि वे धीरे-धीरे संगीत की दुनिया में वापसी कर रही हैं। उन्होंने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत सरकार का इस सम्मान के लिए हृदय से आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि आज के दिन उन्होंने सिर्फ एक अवार्ड ही ग्रहण नहीं किया, बल्कि उन करोड़ों लोगों का प्यार महसूस किया जो उनके सफर का हिस्सा रहे हैं। भले ही स्वास्थ्य ने उनकी रफ्तार धीमी कर दी हो, लेकिन अलका याग्निक की सकारात्मकता और संगीत के प्रति उनका जुनून आज भी अडिग है। उनके प्रशंसक न केवल उनके पद्म भूषण सम्मान पर गर्व कर रहे हैं, बल्कि उनके शीघ्र पूर्ण स्वास्थ्य लाभ की कामना भी कर रहे हैं।










