UP Politics: अखिलेश यादव की प्रवक्ताओं को दो टूक, बोले- बिना तैयारी डिबेट में जाने से बचें

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शनिवार को पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ताओं समेत सभी प्रवक्ताओं के साथ बैठक की। करीब दो घंटे चली बैठक में उन्होंने बिना तैयारी टीवी डिबेट में जाने से बचने, जाति-धर्म से जुड़े मुद्दों पर सावधानी बरतने और सोशल मीडिया पर सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि 10 सेकेंड की रील भी पार्टी की छवि प्रभावित कर सकती है।

UP Politics

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

सितम्बर 26, 2026

UP Politics: समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच संगठन के साथ-साथ पार्टी के प्रवक्ताओं की भूमिका को लेकर भी सक्रियता बढ़ा दी है। शनिवार को सपा कार्यालय में अखिलेश यादव ने राष्ट्रीय प्रवक्ताओं समेत पार्टी के सभी प्रवक्ताओं के साथ करीब दो घंटे तक बैठक की। इस दौरान टीवी डिबेट, सोशल मीडिया और सार्वजनिक बयानों को लेकर कई अहम निर्देश दिए गए।

अखिलेश यादव ने कहा- बिना तैयारी किसी डिबेट में न जाएं

बताते चले कि, बैठक में अखिलेश यादव ने प्रवक्ताओं से कहा कि किसी भी टीवी डिबेट में जाने से पहले संबंधित मुद्दे की पूरी जानकारी हासिल करना जरूरी है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना तैयारी के बहस में शामिल होने से पार्टी की किरकिरी हो सकती है। प्रवक्ताओं को सलाह दी गई कि जब तक किसी विषय से जुड़े तथ्यों और पूरे मामले की जानकारी न हो, तब तक उस पर बयान देने से बचना चाहिए।

UP Politics

अखिलेश यादव ने कहा कि पार्टी का पक्ष रखने वाले प्रवक्ताओं की जिम्मेदारी केवल अपनी बात रखने तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्हें तथ्यों के आधार पर सपा का आधिकारिक रुख सामने रखना चाहिए। किसी भी मुद्दे पर प्रतिक्रिया देने से पहले उसकी पृष्ठभूमि, तथ्यों और पार्टी की नीति को समझना जरूरी है।

सपा प्रवक्ताओं को जाति और धर्म के मुद्दों पर सावधानी की सलाह

बैठक के दौरान अखिलेश यादव ने जाति और धर्म से जुड़े संवेदनशील मुद्दों पर भी प्रवक्ताओं को सावधानी बरतने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि ऐसे विषयों पर बोलते समय शब्दों का चयन बेहद सोच-समझकर किया जाना चाहिए। किसी बयान से किसी समुदाय या व्यक्ति की भावनाएं आहत न हों, इसका ध्यान रखना जरूरी है।

उन्होंने प्रवक्ताओं से यह भी कहा कि हर मुद्दे पर प्रतिक्रिया देना आवश्यक नहीं है। कई बार किसी संवेदनशील मामले में संयम बरतना या चुप रहना भी पार्टी की ओर से एक संदेश हो सकता है। इसलिए बहस में शामिल होने से पहले यह तय करना जरूरी है कि उस विषय पर पार्टी की ओर से प्रतिक्रिया देना उचित है या नहीं।

10 सेकेंड की रील को लेकर अखिलेश यादव की खास हिदायत

अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव को देखते हुए प्रवक्ताओं को डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी सतर्क रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि टीवी डिबेट या सार्वजनिक कार्यक्रम में कही गई बात अब कुछ ही समय में सोशल मीडिया पर वायरल हो सकती है। यहां तक कि 10 सेकेंड की एक छोटी रील भी पार्टी की छवि को प्रभावित कर सकती है।

UP Politics

बैठक में उन्होंने प्रवक्ताओं को समझाया कि कैमरे के सामने कही गई बात केवल व्यक्तिगत बयान नहीं रह जाती। सोशल मीडिया पर उसका छोटा हिस्सा भी तेजी से प्रसारित हो सकता है और उसे पार्टी के रुख के तौर पर देखा जा सकता है। ऐसे में बयान देते समय अतिरिक्त सावधानी बरतना जरूरी है।

अखिलेश यादव ने प्रवक्ताओं की जिम्मेदारी तय करने पर दिया जोर

अखिलेश यादव ने प्रवक्ताओं से कहा कि किसी भी टीवी बहस या सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पार्टी का पक्ष रखते समय तथ्यों और सपा की आधिकारिक लाइन को प्राथमिकता दी जानी चाहिए। व्यक्तिगत टिप्पणी और पार्टी के आधिकारिक रुख के बीच अंतर बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने प्रवक्ताओं को यह संदेश दिया कि राजनीतिक बहस में शामिल होने से पहले पूरी तैयारी करें और संबंधित विषय पर उपलब्ध जानकारी को समझें। पार्टी के शीर्ष नेतृत्व की ओर से दिए गए इन निर्देशों का उद्देश्य प्रवक्ताओं के सार्वजनिक बयानों में अधिक सावधानी और एकरूपता बनाए रखना है।

राजीव राय और राजकुमार भाटी समेत कई प्रवक्ता बैठक में रहे मौजूद

शनिवार को हुई इस बैठक में सपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजीव राय और राजकुमार भाटी भी मौजूद रहे। करीब दो घंटे चली बैठक में प्रवक्ताओं की भूमिका, टीवी डिबेट, सोशल मीडिया और संवेदनशील राजनीतिक मुद्दों पर पार्टी का पक्ष रखने जैसे विषयों पर चर्चा हुई। विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच संगठनात्मक गतिविधियों के साथ प्रवक्ताओं की भूमिका को लेकर हुई यह बैठक पार्टी की संचार रणनीति के लिहाज से भी महत्वपूर्ण रही।