UP Politics: अखिलेश यादव पर राजभर का बड़ा हमला, PDA पर भी घेरा

आरक्षण को लेकर अखिलेश यादव के आरोपों पर योगी सरकार के मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने पलटवार किया है। राजभर ने सपा और कांग्रेस पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया और कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में संविधान और आरक्षण सुरक्षित हैं। उन्होंने सपा की पिछली सरकार, PDA राजनीति और यूपी की शिक्षा व्यवस्था पर भी सवाल उठाए।

UP Politics

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

अगस्त 24, 2026

UP Politics:  समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव के आरक्षण को लेकर दिए बयान पर योगी सरकार में कैबिनेट मंत्री और सुभासपा प्रमुख ओम प्रकाश राजभर ने पलटवार किया है। ओपी राजभर ने सपा और कांग्रेस पर लोकसभा चुनाव से पहले जनता को गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में संविधान भी सुरक्षित है और आरक्षण भी।

आरक्षण सुधार को लेकर अखिलेश यादव ने बीजेपी पर साधा निशाना

दरअसल, अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर आरक्षण खत्म करने की साजिश का आरोप लगाया था। सपा अध्यक्ष ने कहा कि आरक्षण में सुधार के नाम पर PDA यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक वर्ग के खिलाफ बड़ी साजिश की जा रही है। अखिलेश यादव के इसी बयान के बाद ओम प्रकाश राजभर ने उन पर निशाना साधा।

अखिलेश यादव के आरोपों पर राजभर ने दिया जवाब

बताते चले कि, ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि सपा और कांग्रेस के नेता लगातार लोगों को गुमराह करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि लोकसभा चुनाव से पहले भी विपक्ष ने संविधान और आरक्षण को लेकर जनता के बीच भ्रम फैलाया था। राजभर के मुताबिक, उस समय यह कहा गया था कि बीजेपी की सरकार बनने के बाद संविधान खत्म कर दिया जाएगा और आरक्षण समाप्त हो जाएगा। लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। उन्होंने दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में संविधान और आरक्षण दोनों सुरक्षित हैं।

सपा-कांग्रेस पर गुमराह करने का आरोप

ओपी राजभर ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि सपा और कांग्रेस के नेता सत्ता से बाहर होने के बाद ऐसे मुद्दों को उठाकर जनता को प्रभावित करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान जनता को डराने और भ्रमित करने की राजनीति की गई, लेकिन बीजेपी को दोबारा सत्ता मिली। राजभर ने दावा किया कि विपक्ष अब इस बात को लेकर परेशान है कि ऐसा क्या मुद्दा उठाया जाए, जिससे जनता दोबारा उनके पक्ष में वोट करे।

प्रमोशन में आरक्षण को लेकर अखिलेश सरकार पर राजभर का हमला

आरक्षण के मुद्दे पर ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी की पिछली सरकार को भी घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा सरकार के दौरान प्रमोशन में आरक्षण को खत्म किया गया था। राजभर का दावा है कि इसके कारण बड़ी संख्या में लोगों को नुकसान उठाना पड़ा।

प्रमोशन आरक्षण खत्म करने के फैसले का राजभर ने किया जिक्र

राजभर ने कहा कि प्रमोशन में आरक्षण खत्म होने के कारण लाखों लोगों की नौकरी प्रभावित हुई और कुछ लोगों ने आत्महत्या तक की। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के शासनकाल में आरक्षण के मुद्दे पर बड़ा नुकसान हुआ। हालांकि, राजभर के इन दावों पर सपा की ओर से प्रतिक्रिया सामने आना बाकी है।

संविधान और आरक्षण पर ओम प्रकाश राजभर का बड़ा दावा

राजभर ने कहा कि भारत का शासन संविधान के मुताबिक चलता है और हर फैसला संवैधानिक दायरे में ही होना चाहिए। उन्होंने कहा कि संविधान से बाहर जाकर काम करने की कोशिश किसी के लिए भी खतरा पैदा कर सकती है। उन्होंने बीजेपी सरकार का बचाव करते हुए कहा कि मौजूदा सरकार संविधान की व्यवस्था के तहत काम कर रही है और आरक्षण की व्यवस्था भी सुरक्षित है।

अखिलेश यादव के PDA पर भी राजभर ने साधा निशाना

ओम प्रकाश राजभर ने अखिलेश यादव की PDA राजनीति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि सपा अध्यक्ष यह साबित कर रहे हैं कि उनके साथ मुख्य रूप से मुस्लिम और यादव वोट बैंक ही है। राजभर ने तंज कसते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी को वोट सभी वर्गों का चाहिए, लेकिन सांसद बनने की स्थिति में यादव और मुस्लिम समुदाय को ही प्राथमिकता मिलती है। इस बयान के जरिए उन्होंने सपा की सामाजिक और राजनीतिक रणनीति पर सवाल खड़ा किया।

यूपी के जर्जर स्कूलों पर भी राजभर ने दिया जवाब

आरक्षण के मुद्दे के अलावा ओम प्रकाश राजभर ने उत्तर प्रदेश के जर्जर स्कूल और कॉलेजों को लेकर भी सरकार का पक्ष रखा। विपक्ष की ओर से सरकारी स्कूलों की खराब हालत को लेकर लगातार सवाल उठाए जा रहे हैं।

जर्जर स्कूल भवनों पर सरकार की कार्रवाई का दावा

राजभर ने कहा कि जो स्कूल भवन पूरी तरह जर्जर हो चुके हैं, उन्हें ध्वस्त करने और उनकी जगह नए भवन बनाने की प्रक्रिया चल रही है। उन्होंने कहा कि कई स्कूल और भवन लंबे समय से पुराने होने के कारण खराब स्थिति में हैं। राजभर का आरोप है कि विपक्ष केवल पुराने और जर्जर भवनों की तस्वीरें दिखाकर सरकार को घेरने की कोशिश करता है, जबकि सरकार ने बड़े स्तर पर नए स्कूल और कॉलेज बनवाए हैं।

उन्होंने कहा कि योगी सरकार शिक्षा व्यवस्था को मजबूत करने पर लगातार ध्यान दे रही है। ऐसे में आरक्षण से लेकर शिक्षा व्यवस्था तक, राजभर ने विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए सरकार की नीतियों का बचाव किया है।