UP Politics: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने बुधवार को वरिष्ठ समाजवादी नेता जनेश्वर मिश्रा की जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में पार्टी के PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) फॉर्मूले को नई व्याख्या देते हुए राजनीतिक संदेश दिया। उन्होंने कहा कि PDA में ‘PD’ का मतलब ‘पंडित’ भी है, और जो लोग PDA की परिभाषा बदलने की कोशिश कर रहे हैं, उन्हें यह समझ लेना चाहिए कि समाजवादी पार्टी सभी वर्गों को साथ लेकर चलने में विश्वास करती है।
जनेश्वर मिश्रा जयंती कार्यक्रम में समाजवादी पार्टी का ब्राह्मण समाज को संदेश
बताते चले कि, लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी कार्यालय में आयोजित प्रबुद्ध समाज सम्मेलन को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि जनेश्वर मिश्रा केवल समाजवादी आंदोलन के बड़े नेता ही नहीं थे, बल्कि उन्होंने समाज के हर वर्ग को जोड़ने का काम किया। उन्होंने कहा कि जनेश्वर मिश्रा का जीवन सामाजिक न्याय, समानता और समाजवादी विचारधारा के प्रति समर्पित रहा और पार्टी उनकी सोच को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।
समाजवादी सरकार बनने पर जनेश्वर मिश्रा के मिशन को आगे बढ़ाने का दावा
अखिलेश यादव ने कहा कि यदि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है, तो जनेश्वर मिश्रा के अधूरे मिशन को आगे बढ़ाया जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी पार्टी को कई कार्यक्रमों और रैलियों की अनुमति नहीं दी गई, लेकिन इससे समाजवादी आंदोलन रुकने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि समाज और प्रदेश की बेहतरी के लिए पार्टी लगातार काम करती रहेगी।
PDA फॉर्मूला पर विपक्ष को जवाब
अपने संबोधन में अखिलेश यादव ने कहा कि कुछ लोग लगातार PDA फॉर्मूले की अलग-अलग व्याख्या कर रहे हैं, लेकिन समाजवादी पार्टी का उद्देश्य समाज के हर वर्ग को सम्मान और भागीदारी देना है। उन्होंने कहा कि पार्टी किसी भी समुदाय के साथ भेदभाव नहीं करती और सामाजिक समरसता के सिद्धांत पर आगे बढ़ रही है। उनके इस बयान को आगामी चुनावों से पहले ब्राह्मण समाज को साधने की राजनीतिक रणनीति के रूप में भी देखा जा रहा है।
सरकार पर निशाना, ‘जितनी पीड़ा दोगे उतने मजबूत होंगे’
अखिलेश यादव ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता पक्ष ने समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं और समर्थकों को परेशान करने का प्रयास किया है। उन्होंने कहा, “आप जितनी पीड़ा देंगे, हम उतने ही मजबूत होकर उभरेंगे।” उन्होंने दावा किया कि जनता बदलाव चाहती है और समाजवादी पार्टी लोगों की उम्मीदों पर खरा उतरने का प्रयास करेगी।
प्रबुद्ध समाज सम्मेलन में कई वरिष्ठ नेता रहे मौजूद
कार्यक्रम में विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय, बलिया से समाजवादी पार्टी के सांसद सनातन पांडेय सहित कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे। अखिलेश यादव ने सनातन पांडेय की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने प्रदेश के कई जिलों में संगठन को मजबूत करने के लिए सक्रिय भूमिका निभाई है। उन्होंने सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं से समाजवादी विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और सामाजिक न्याय की लड़ाई को आगे बढ़ाने का आह्वान किया।








