UP Politics: समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर पुरानी पेंशन योजना (Old Pension Scheme-OPS) लागू की जाएगी। अखिलेश यादव ने स्पष्ट किया कि पार्टी ने पहले भी इस योजना को लागू करने की घोषणा की थी और उस समय इसके लिए वित्तीय मॉडल पर विचार किया गया था।
उन्होंने कहा कि सपा सरकार बनने पर पुरानी पेंशन योजना को लागू करने के लिए निर्धारित वित्तीय मॉडल के आधार पर काम किया जाएगा। पार्टी जब अपना चुनावी घोषणा पत्र जारी करेगी, तब इसमें विस्तार से बताया जाएगा कि योजना के लिए धन की व्यवस्था किस तरह की जाएगी।
शिक्षकों और वित्तविहीन कर्मचारियों के मानदेय की होगी व्यवस्था

बताते चले कि, अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी ने हमेशा शिक्षकों के हितों को प्राथमिकता दी है। आने वाले चुनाव में भी शिक्षकों से जुड़े मुद्दों को पार्टी के घोषणा पत्र में शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि वित्तविहीन शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए मानदेय की व्यवस्था की जाएगी। सपा अध्यक्ष ने विधान परिषद में शिक्षक हितों के मुद्दे उठाने वाले पार्टी नेता लाल बिहारी यादव की भूमिका का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि लाल बिहारी यादव ने जनता के बीच और विधान परिषद में शिक्षकों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया है।
बीजेपी पर AI के नकारात्मक इस्तेमाल और नफरत फैलाने का आरोप
अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) के नकारात्मक इस्तेमाल का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि रूढ़िवादी और नकारात्मक सोच रखने वाले लोग AI का गलत इस्तेमाल कर रहे हैं। उन्होंने बीजेपी पर समाज में नफरत फैलाने और लोगों के बीच दूरियां बढ़ाने का भी आरोप लगाया। सपा अध्यक्ष ने मदरसों के साथ भेदभाव किए जाने का आरोप लगाते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर मदरसों की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाया जाएगा। उन्होंने आश्वासन दिया कि मदरसों के कर्मचारियों की लंबित तनख्वाह का भुगतान किया जाएगा और मदरसों को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जाएगा।
डिग्री कॉलेजों से खत्म होगा सेमेस्टर सिस्टम, संस्कृत शिक्षा पर भी जोर

अखिलेश यादव ने शिक्षा व्यवस्था में बदलाव की बात करते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर डिग्री कॉलेजों में लागू सेमेस्टर सिस्टम को समाप्त किया जाएगा। उन्होंने कहा कि मौजूदा व्यवस्था में सेमेस्टर सिस्टम शुरू किया गया था, लेकिन सपा सरकार बनने पर इसे खत्म करने का फैसला लिया जाएगा। उन्होंने संस्कृत विद्यालयों और संस्कृत शिक्षकों के हित में काम करने का भी वादा किया। साथ ही कहा कि शिक्षा मित्रों को शिक्षक के रूप में सम्मान दिया जाएगा और राजकीय विद्यालयों की व्यवस्था में सुधार के लिए कदम उठाए जाएंगे।
अधिवक्ताओं, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और अनुदेशकों के लिए भी होंगे फैसले
सपा अध्यक्ष ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर अधिवक्ताओं के हितों के लिए भी काम किया जाएगा। इसके अलावा अनुदेशकों और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की समस्याओं को दूर करने तथा उनके हितों के लिए आवश्यक कदम उठाने की बात कही।
किसानों को सर्किल रेट से अधिक मुआवजा देने का वादा

अखिलेश यादव ने बीजेपी पर भू-माफिया को संरक्षण देने का आरोप लगाया और किसानों की जमीन के मुआवजे में भेदभाव किए जाने का दावा किया। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर किसानों को जमीन के अधिग्रहण के बदले सर्किल रेट से बढ़ाकर मुआवजा दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसानों के हितों की रक्षा करना और उन्हें उचित मुआवजा दिलाना सपा सरकार की प्राथमिकताओं में शामिल होगा।










