Akhilesh Yadav News: उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले समाजवादी पार्टी (सपा) प्रमुख अखिलेश यादव ने महिला सशक्तिकरण को लेकर बड़ा ऐलान किया है। उन्होंने कहा कि अगर 2027 में सपा सरकार बनती है तो गरीब महिलाओं को 40 हजार रुपये की पेंशन दी जाएगी।
UP Politics: ‘ये रूठों को मनाने वाला…’ अखिलेश यादव ने योगी सरकार पर साधा तंज
महिला सम्मान समारोह में घोषणा

लखनऊ स्थित सपा कार्यालय में आयोजित ‘मालती देवी-मूर्ति देवी महिला सम्मान समारोह’ में अखिलेश यादव ने महिलाओं को सम्मानित किया और उन्हें समाज की ताकत बताया। उन्होंने कहा कि महिलाओं की सामाजिक-आर्थिक स्थिति में बदलाव तभी संभव है जब उनके प्रति सोच और मानसिकता बदले। इसी दिशा में सपा सरकार महिलाओं के लिए नई योजनाएं लाएगी।
‘स्त्री सम्मान-समृद्धि योजना’
अखिलेश यादव ने कहा कि PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) में शामिल ‘A’ यानी आधी आबादी को मजबूत करने के लिए ‘स्त्री सम्मान-समृद्धि योजना’ शुरू की जाएगी। इस योजना के तहत हर बच्ची, युवती और महिला को सामाजिक-आर्थिक रूप से सशक्त बनाने का प्रयास होगा। उन्होंने रानी लक्ष्मीबाई के नाम पर भी नई योजना शुरू करने का वादा किया।
योगी सरकार पर हमला
अखिलेश यादव ने मौजूदा सरकार के मंत्रिमंडल विस्तार को लेकर तंज कसते हुए कहा कि असली विकास और विस्तार 2027 में होगा। उन्होंने ग्रीन कॉरिडोर परियोजना को “बर्बाद कॉरिडोर” बताया और कहा कि इसमें पैदल चलने वालों के लिए जगह नहीं है और सड़क डिजाइन मानकों के खिलाफ है।
कानून व्यवस्था पर सवाल
सपा प्रमुख ने प्रदेश में अपराध की घटनाओं को लेकर योगी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने गोरखपुर हत्याकांड, बनारस में छात्र की हत्या, बदायूं और मथुरा की घटनाओं का जिक्र करते हुए कहा कि प्रदेश में “लॉ एंड ऑर्डर की हत्या” हो चुकी है। उन्होंने जनता से अपील की कि इस सरकार को हटाए बिना कानून व्यवस्था सुधर नहीं सकती।
बंगाल चुनाव और अन्य मुद्दे
बंगाल चुनाव को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि जनता ममता बनर्जी को जीताकर मुख्यमंत्री बनाएगी। उन्होंने आरोप लगाया कि बूथ स्तर पर पैसा भेजा गया है। साथ ही LPG सिलेंडर की समस्या और झांसी में सिलेंडर ट्रक चोरी का मुद्दा उठाते हुए बीजेपी नेताओं पर आरोप लगाया।









