Akhilesh Yadav Birthday : उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के जन्मदिन पर प्रदेश के शीर्ष नेताओं ने उन्हें बधाई दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया पर संदेश साझा करते हुए लिखा, “उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव को जन्मदिन की हार्दिक बधाई। प्रभु श्री राम से आपके लिए आरोग्यता और दीर्घायु की प्रार्थना है।” वहीं, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने भी ‘एक्स’ पर शुभकामनाएँ दीं। मौर्य के बधाई संदेश में धार्मिक सद्भाव के साथ-साथ एक गहरा सियासी संदेश भी निहित था। उन्होंने मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम, भगवान श्रीकृष्ण और आदि देव महादेव की कृपा अखिलेश यादव पर बने रहने की कामना की।
मायावती ने दी जन्मदिन पर बधाई और शुभकामनाएँ
बताते चले कि, इस अवसर पर बहुजन समाज पार्टी की सुप्रीमो मायावती ने भी शिष्टाचार का परिचय देते हुए सपा प्रमुख को याद किया। मायावती ने अपने आधिकारिक संदेश में लिखा कि समाजवादी पार्टी के प्रमुख, पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान सांसद अखिलेश यादव को उनके जन्मदिन पर हार्दिक बधाई। साथ ही, उन्होंने अखिलेश यादव और उनके परिवार के प्रति अपनी शुभकामनाएं व्यक्त करते हुए उनके अच्छे जीवन और लंबी उम्र की कामना की।
राहुल गांधी और अरविंद केजरीवाल का शुभकामना संदेश
आपको बता दे कि, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और रायबरेली से सांसद राहुल गांधी ने अखिलेश यादव को जन्मदिन की बधाई देते हुए इसे ‘PDA’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की राजनीति से जोड़ा। राहुल गांधी ने अपने संदेश में कहा, “जन्मदिन की बहुत-बहुत बधाई अखिलेश यादव। PDA की हिस्सेदारी से सामाजिक न्याय का संकल्प हम मिलकर पूरा करेंगे।” राहुल गांधी ने उनके उत्तम स्वास्थ्य और खुशहाल जीवन की कामना की। इसके अलावा, आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक और दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भी अखिलेश को बधाई दी। केजरीवाल ने ईश्वर से उनके लिए अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु की प्रार्थना की।
शिवपाल यादव और पल्लवी पटेल ने साझा की शुभकामनाएं
अखिलेश यादव के चाचा और वरिष्ठ सपा नेता शिवपाल सिंह यादव ने एक भावुक और राजनीतिक संदेश साझा किया। शिवपाल ने उन्हें “संघर्ष, संवेदना और समाजवादी विचारधारा का प्रतिबद्ध प्रहरी” बताते हुए कहा कि अखिलेश के नेतृत्व में सामाजिक न्याय और संविधान की रक्षा का आंदोलन निरंतर मजबूत हो रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि अखिलेश की समावेशी राजनीति प्रदेश के लिए परिवर्तन का आधार है। वहीं, अपना दल (कमेरावादी) की नेता और सपा विधायक पल्लवी पटेल ने भी उन्हें बधाई दी। पल्लवी ने तथागत गौतम बुद्ध का स्मरण करते हुए अखिलेश यादव के स्वस्थ और दीर्घायु जीवन की कामना की।










