UP News: विपक्षी दलों के साथ बेईमानी! अखिलेश यादव का भाजपा पर तीखा हमला

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर चुनावी धांधली का आरोप लगाते हुए '10 नम्बरी मॉडल' और 'मल्टी लेयर इलेक्शन माफिया' का जिक्र किया। उन्होंने कुंदरकी और रामपुर उपचुनाव में वोटों की लूट का दावा किया और कहा कि 2027 का चुनाव संविधान बचाने की बड़ी लड़ाई होगी।

UP News

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

मई 6, 2026

UP News:  समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी की कार्यशैली पर तीखा हमला बोला है। लखनऊ स्थित प्रदेश मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि सत्ता पक्ष लोकतांत्रिक मूल्यों का हनन कर रहा है। अखिलेश यादव ने स्पष्ट किया कि 2027 का विधानसभा चुनाव सिर्फ एक सत्ता परिवर्तन की लड़ाई नहीं, बल्कि संविधान को बचाने का एक बड़ा संघर्ष होगा।

भाजपा के ’10 नम्बरी मॉडल’ का उल्लेख किया

बताते चले कि, सपा प्रमुख ने चंडीगढ़ और कुंदरकी जैसे क्षेत्रों का उदाहरण देते हुए भाजपा के ’10 नम्बरी मॉडल’ का विशेष रूप से उल्लेख किया। उन्होंने आरोप लगाया कि INDIA गठबंधन ने लोकसभा चुनाव में मजबूती से मुकाबला कर जीत दर्ज की, लेकिन अल्पमत की सरकार बनने के बावजूद विपक्षी दलों के साथ निरंतर बेईमानी की जा रही है। अखिलेश यादव के अनुसार, भाजपा विभिन्न स्थानों पर कथित अनियमितताओं के माध्यम से अपनी सत्ता को जबरन बनाए रखने का प्रयास कर रही है।

‘मल्टी लेयर इलेक्शन माफिया’ और वोटों की डकैती का आरोप

कुंदरकी और रामपुर उपचुनावों के संदर्भ में अखिलेश यादव ने सबसे कड़ा रुख अपनाया। उन्होंने इन चुनावों में हुई गड़बड़ियों को ‘मल्टी लेयर इलेक्शन माफिया’ का खेल करार दिया। सपा अध्यक्ष ने सीधे तौर पर आरोप लगाया कि चुनावी प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर धांधली हुई है और जनता के मतों की सरेआम डकैती की गई है। उनके अनुसार, यह माफिया तंत्र चुनाव की निष्पक्षता को पूरी तरह से समाप्त करने में जुटा है।

पश्चिम बंगाल में ‘वोट की लूट’ और पुलिस का दुरुपयोग

उत्तर प्रदेश के साथ-साथ अखिलेश यादव ने पश्चिम बंगाल के चुनावी माहौल पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि बंगाल में भाजपा ने वोट की शर्मनाक लूट मचाई और वहां के पुलिस प्रशासन का अवैध तरीके से इस्तेमाल करने में तनिक भी संकोच नहीं किया। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में भाजपा के पास ‘पीडीए’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) की कोई काट नहीं है और इसी बौखलाहट में वह सत्ता का दुरुपयोग कर रही है।

जातीय जनगणना और आबादी के अनुपात में आरक्षण की मांग

सामाजिक समीकरणों पर चर्चा करते हुए अखिलेश यादव ने महिला आरक्षण और जातीय जनगणना पर अपनी पार्टी का स्टैंड साफ किया। उन्होंने मांग की कि महिलाओं का आरक्षण पार्टी आधारित होना चाहिए और इसे लागू करने से पहले जातीय जनगणना अनिवार्य है। सपा प्रमुख के अनुसार, जब तक आबादी के अनुपात में आरक्षण की व्यवस्था सुनिश्चित नहीं होती, तब तक सही मायने में सामाजिक न्याय संभव नहीं है।

मेधावी छात्रों का सम्मान और लैपटॉप वितरण

राजनीतिक चर्चा के बीच अखिलेश यादव ने प्रदेश के मेधावी युवाओं का उत्साहवर्धन भी किया। उन्होंने प्रतापगढ़ के हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा में टॉप करने वाले छात्र सत्यम यादव और ईशान शुक्ला को लैपटॉप प्रदान कर सम्मानित किया। इस अवसर पर उन्होंने दोहराया कि समाजवादी पार्टी हमेशा से शिक्षा और युवाओं के भविष्य को प्राथमिकता देती आई है।