Ajit Pawar Funeral: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के वरिष्ठ नेता अजित पवार का 28 जनवरी की सुबह विमान दुर्घटना में निधन हो गया। 66 वर्षीय अजित पवार मुंबई से बारामती के लिए रवाना हुए थे। यह निजी चार्टर्ड विमान लियरजेट 45 (VT-SSK) सुबह करीब 8.44 बजे बारामती हवाई अड्डे पर उतरते समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया और विमान में आग लग गई। इस हादसे में अजित पवार के साथ कुल पांच लोगों की मौत हुई।
दुर्घटना में कैप्टन सुमित कपूर, को-पायलट कैप्टन शाम्भवी पाठक, पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर विदित जाधव और फ्लाइट अटेंडेंट पिंकी माली भी मारे गए। अजित पवार की पहचान उनकी कलाई घड़ी के आधार पर की गई। इमरजेंसी सेवाएं तुरंत मौके पर पहुंचीं और मलबा रनवे के बाईं ओर पाया गया। नागरिक उड्डयन मंत्रालय और एयरक्राफ्ट एक्सीडेंट इन्वेस्टिगेशन ब्यूरो (AAIB) ने उच्च स्तरीय फोरेंसिक जांच शुरू कर दी है।
Ajit Pawar Plane Crash: Ajit Pawar के निधन पर रोने लगे Modi, भरे सदन में OM Birla ने कराया चुप
अंतिम संस्कार और राजकीय सम्मान

अजित पवार का अंतिम संस्कार आज बारामती में पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया जा रहा है। उनके पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए विद्या प्रतिष्ठान में रखा गया है। यह संस्थान खुद अजित पवार की देखरेख में बनाया गया था और यह एक प्रमुख शैक्षणिक संस्थान भी है। अंतिम संस्कार में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शामिल होने की संभावना है। इसके अलावा गृह मंत्री अमित शाह और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस भी अंतिम संस्कार में मौजूद हैं। देवेंद्र फडणवीस ने अजित पवार की मौत को अविश्वसनीय बताते हुए कहा कि उन्होंने एक अच्छे दोस्त को खो दिया है। बारामती और आसपास के इलाकों में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। हजारों समर्थक अपने नेता को अंतिम विदाई देने के लिए पहुंचे।
अजित पवार का राजनीतिक जीवन

अजित पवार महाराष्ट्र के राजनीतिक इतिहास के एक बड़े स्तंभ थे। उन्होंने आठ बार बारामती से विधायक और एक बार सांसद का कार्य किया। उन्हें ‘दादा’ के नाम से जाना जाता था और उनकी राजनीतिक दूरदर्शिता और नेतृत्व के कारण NCP में उनका बहुत प्रभाव था। पांच फरवरी को होने वाले स्थानीय निकाय चुनावों में वह चार जनसभाएं संबोधित करने वाले थे, लेकिन इस दुर्भाग्यपूर्ण हादसे ने उनके योजनाओं को अधूरा छोड़ दिया।
विमान लियरजेट 45 का इतिहास
लियरजेट 45 विमान पहले भी हादसों में शामिल रहा है। 14 सितंबर 2023 को मुंबई में इसी विमान मॉडल का एक्सआर संस्करण भारी बारिश और खराब दृश्यता के बीच छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। उस समय विमान में आग लगी थी, लेकिन सभी छह लोग सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहे थे।









