
Agra News: आगरा मेट्रो के दूसरे चरण को सुरक्षा मंजूरी मिल गई है। एसएन मेडिकल कॉलेज, आगरा कॉलेज, राजा की मंडी, आरबीएस कॉलेज और आईएसबीटी स्टेशन तक यात्री सेवा शुरू करने की तैयारी है। अब उद्घाटन के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से समय मिलने का इंतजार है।
आगरा मेट्रो के 5 नए स्टेशनों पर जल्द शुरू होगा सफर

बताते चले कि, ताजनगरी आगरा में मेट्रो से सफर करने वालों के लिए अच्छी खबर है। शहर में मेट्रो सेवा का दायरा बढ़ाने की तैयारी तेज हो गई है। शासन से मंजूरी और सुरक्षा जांच की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब प्रायोरिटी कॉरिडोर के दूसरे चरण को शुरू करने की तैयारी की जा रही है। इसके चालू होने से यात्रियों को ताजमहल से लेकर आईएसबीटी तक एयरकंडीशंड मेट्रो में सफर करने की सुविधा मिलेगी। साथ ही कई प्रमुख कॉलेजों, अस्पतालों और दूसरे जरूरी स्थानों तक पहुंचना भी आसान हो सकता है।
एसएन मेडिकल कॉलेज से आईएसबीटी तक जुड़ेंगे स्टेशन
फिलहाल आगरा मेट्रो के प्रायोरिटी कॉरिडोर पर ताजमहल से मनकामेश्वर मंदिर स्टेशन तक यात्री सेवाएं उपलब्ध हैं। अब अगले चरण में पांच और स्टेशन जोड़े जाने हैं। इनमें एसएन मेडिकल कॉलेज, आगरा कॉलेज, राजा की मंडी, आरबीएस कॉलेज और आईएसबीटी स्टेशन शामिल हैं। इन स्टेशनों के शुरू होने से शहर के कई व्यस्त इलाकों में आने-जाने वाले लोगों को फायदा मिलने की उम्मीद है। खासकर कॉलेज जाने वाले विद्यार्थियों, अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों और बस से यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए मेट्रो एक सुविधाजनक विकल्प बन सकती है।
मेट्रो रेल सुरक्षा आयुक्त ने की ट्रैक और स्टेशनों की जांच
नए स्टेशनों पर यात्री सेवाएं शुरू करने से पहले सुरक्षा और तकनीकी व्यवस्थाओं की जांच की गई। बीते दिनों मेट्रो रेल सुरक्षा आयुक्त (सीएमआरएस) नीलाभ्र सेन गुप्ता और उनकी टीम ने मोटर ट्रॉली से मनकामेश्वर स्टेशन से आरबीएस कॉलेज स्टेशन के रैंप तक ट्रैक का निरीक्षण किया था। इस दौरान स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म, स्टेशन कंट्रोल रूम, तकनीकी कक्ष, एस्केलेटर, लिफ्ट और फायर अलार्म सिस्टम की जांच की गई। निरीक्षण के बाद सुरक्षा मंजूरी मिलने से यात्री सेवा शुरू करने की प्रक्रिया आगे बढ़ गई है। मंजूरी की प्रति संबंधित मंत्रालय को भी भेज दी गई है।
आमने-सामने आईं दो ट्रेनें, ऑटोमैटिक ब्रेक सिस्टम का हुआ टेस्ट

आगरा मेट्रो की सुरक्षा जांच के दौरान सिग्नलिंग सिस्टम और ऑटोमैटिक ब्रेक की क्षमता भी परखी गई। कंप्यूटर आधारित ट्रेन कंट्रोल (सीबीटीसी) और ऑटोमैटिक ट्रेन ऑपरेशन (एटीओ) के परीक्षण में दो ट्रेनों को एक ही ट्रैक पर आमने-सामने लाकर टक्कर जैसी स्थिति बनाई गई। करीब 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से किए गए इस परीक्षण में निर्धारित दूरी पर ट्रेनों के ब्रेक अपने आप लग गए। इस दौरान यह जांचा गया कि आपात स्थिति में सिस्टम बिना ऑपरेटर के हस्तक्षेप के ट्रेनों को रोकने में सक्षम है या नहीं। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, यह परीक्षण सफल रहा।
स्पीड और ब्रेक टेस्ट में भी पास हुई आगरा मेट्रो
मनकामेश्वर से आईएसबीटी तक ट्रैक, बिजली, सिग्नलिंग और टेलीकॉम सिस्टम की भी जांच की गई। इस दौरान मेट्रो ट्रेन को कॉरिडोर पर कई बार चलाकर उसकी गति और ब्रेकिंग सिस्टम को परखा गया। करीब 10 से 15 बार किए गए परीक्षणों में अलग-अलग तकनीकी व्यवस्थाओं की जांच हुई। अंतिम स्टेशन आईएसबीटी तक ट्रायल पूरा होने के बाद अब इस हिस्से में नियमित यात्री सेवाएं शुरू करने की तैयारी है।
पीएम मोदी दिखा सकते हैं आगरा मेट्रो को हरी झंडी
नए स्टेशनों पर मेट्रो सेवा शुरू करने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से समय मांगे जाने की बात सामने आई है। आगरा में उनकी एक रैली भी प्रस्तावित बताई जा रही है, जिसमें अंतरराष्ट्रीय आलू अनुसंधान केंद्र का शुभारंभ किए जाने की संभावना है। ऐसे में मेट्रो के नए कॉरिडोर का उद्घाटन भी इसी कार्यक्रम के दौरान किए जाने की चर्चा है। हालांकि, उद्घाटन की तारीख और कार्यक्रम को लेकर अंतिम पुष्टि का इंतजार है।
ताजमहल से आईएसबीटी तक मेट्रो शुरू होने से क्या बदलेगा?

दूसरे चरण के शुरू होने के बाद यात्री ताज पूर्वी गेट से शहीद कैप्टन शुभम गुप्ता, फतेहाबाद रोड, ताजमहल, आगरा फोर्ट और मनकामेश्वर होते हुए एसएन मेडिकल कॉलेज, आगरा कॉलेज, राजा की मंडी, आरबीएस कॉलेज और आईएसबीटी तक सफर कर सकेंगे। आगे चलकर गुरु का ताल और सिकंदरा स्टेशन भी इस नेटवर्क से जुड़ेंगे। इससे आगरा में सार्वजनिक परिवहन के विकल्प बढ़ेंगे और शहर के प्रमुख इलाकों तक पहुंचना पहले के मुकाबले सुविधाजनक हो सकता है।











