Tamil Nadu Politics: सिनेमा के बाद क्या अब राजनीति की पिच पर उतरेंगे धनुष? कल्याणकारी कार्यक्रमों और डीएमके के बयान से मची खलबली

एक्टर धनुष के जन्मदिन से पहले तमिलनाडु में उनके फैन क्लब्स द्वारा बड़े पैमाने पर कल्याणकारी कार्यक्रम शुरू करने और नया झंडा जारी करने के बाद राजनीतिक अटकलें तेज हो गई हैं। भगवान शिव के भक्त धनुष के बयानों और डीएमके की प्रतिक्रिया के बाद यह सवाल उठ रहा है कि क्या वह राजनीति में कदम रखेंगे।

Tamil Nadu Politics

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

जुलाई 27, 2026

Tamil Nadu Politics: एक्टर धनुष के आगामी जन्मदिन से ठीक पहले तमिलनाडु के तिरुवल्लुर जिले में उनके फैन क्लबों की ओर से बड़े पैमाने पर कल्याणकारी और सामाजिक कार्यक्रम शुरू किए जाने के बाद, राज्य की राजनीति में उनके संभावित राजनीतिक इरादों को लेकर अटकलें एक बार फिर तेज हो गई हैं। दक्षिण भारतीय सिनेमा के दिग्गज कलाकारों में शुमार धनुष के प्रशंसकों द्वारा आयोजित इन अभियानों ने आम जनता से लेकर राजनीतिक विश्लेषकों तक का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। सवाल यह उठ रहा है कि क्या सिनेमाई परदे पर अपनी धाक जमाने वाले धनुष अब असल जिंदगी की राजनीतिक पिच पर उतरने की तैयारी कर रहे हैं?

धनुष कर पाएंगे वह जो रजनीकांत नहीं कर पाए?

बताते चले कि, राजनीतिक हलकों में यह चर्चा जोर पकड़ने लगी है कि क्या धनुष वह करिश्मा कर पाएंगे जो दिग्गज अभिनेता रजनीकांत अपनी तमाम कोशिशों के बावजूद नहीं कर सके। वर्ष 2021 के विधानसभा चुनावों से ठीक पहले रजनीकांत ने अपनी राजनीतिक महत्वाकांक्षाओं का खुलकर ऐलान किया था और तमिलनाडु में ‘आध्यात्मिक राजनीति’ लाने की बात कही थी, लेकिन स्वास्थ्य कारणों और अन्य वजहों से उन्होंने अपने कदम पीछे खींच लिए थे। अब भगवान शिव के परम भक्त के रूप में अपनी पहचान रखने वाले धनुष ने हाल ही में अपना एक भाषण ‘ओम नमः शिवाय’ के साथ समाप्त किया, जिसके बाद से यह कयास लगाए जा रहे हैं कि क्या राज्य की राजनीति में एक बार फिर से आध्यात्मिक प्रतीकों और राजनीति की नई लहर की शुरुआत हो सकती है।

धनुष ने समर्थकों से की समाज सेवा जारी रखने की अपील

यह पूरा घटनाक्रम तब और तेजी से सामने आया जब कुछ समय पहले ही धनुष के आधिकारिक फैन क्लब ने अपना नया और विशिष्ट झंडा जारी किया था। इसके तुरंत बाद जमीन स्तर पर शुरू हुई संगठनात्मक गतिविधियों ने अभिनेता की भविष्य की योजनाओं को लेकर चर्चाओं को हवा दे दी है। इस बीच, अभिनेता धनुष ने अपने सभी प्रशंसकों और समर्थकों से सीधा संवाद करते हुए उन्हें समाज भलाई के कार्य और तेज करने की सलाह दी है। उन्होंने अपनी अपील में कहा कि वे अपनी एकता की इस ताकत का इस्तेमाल समाज की बेहतरी और जरूरतमंदों की मदद के लिए करें। धनुष ने अपने फैंस से कहा कि वे अपने आस-पड़ोस की समस्याओं को समझें, लोगों के बीच घुल-मिलकर रहें और उनकी हरसंभव मदद करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध रहें।

तमिलनाडु की सत्ताधारी पार्टी ने दी प्रतिक्रिया

भले ही अभिनेता धनुष की तरफ से अब तक प्रत्यक्ष तौर पर राजनीति में आधिकारिक रूप से कदम रखने को लेकर कोई घोषणा नहीं की गई है, लेकिन उनके फैन क्लबों के बढ़ते दायरे और जन-कल्याणकारी कार्यक्रमों पर उनके स्पष्ट फोकस ने राज्य की राजनीति में नई सुगबुगाहट पैदा कर दी है। इस पूरे घटनाक्रम और धनुष के संभावित राजनीतिक भविष्य पर प्रतिक्रिया देते हुए सत्ताधारी पार्टी द्रमुक (DMK) ने सधा हुआ बयान दिया है। पार्टी की ओर से कहा गया है कि हम एक जीवंत लोकतांत्रिक व्यवस्था का हिस्सा बनने के लिए राजनीति में कदम रखने वाले किसी भी नए व्यक्ति या चेहरे का खुले दिल से स्वागत करते हैं। आने वाले समय में यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या तमिल सिनेमा का यह सितारा राजनीति के मैदान में अपनी एक अलग पारी की शुरुआत करता है या नहीं।