Acharya Pramod Krishnam News: राहुल गांधी और सचिन पायलट की साजिश? आचार्य प्रमोद कृष्णम का बड़ा खुलासा

आचार्य प्रमोद कृष्णम ने Congress पार्टी नेतृत्व पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने राहुल गांधी को कांग्रेस में आंतरिक कलह और सचिन पायलट के साथ हुई साजिश का मुख्य सूत्रधार बताया है। वहीं, अशोक गहलोत को सत्ता का लालची बताते हुए उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की टीम किसी भी लोकप्रिय नेता को बर्दाश्त नहीं करती।

Acharya Pramod Krishnam News

Wrriten By :

Aanchal Singh

Published On :

जून 8, 2026

Acharya Pramod Krishnam News: आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेतृत्व, विशेष रूप से राहुल गांधी पर तीखा प्रहार किया है। उन्होंने दावा किया है कि कांग्रेस के भीतर चल रही आंतरिक कलह और अस्थिरता के पीछे राहुल गांधी मुख्य सूत्रधार हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पार्टी की मौजूदा दुर्दशा और राज्यों में गिरते जनाधार के पीछे राहुल गांधी की कार्यशैली और उनकी ‘टीम’ की गलत नीतियां हैं। उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि पार्टी में जो भी विवाद हो रहे हैं, उनकी बुनियाद दिल्ली में है और राहुल गांधी इसके केंद्र में हैं।

सचिन पायलट और अन्य नेताओं के अपमान का लगाया आरोप

बताते चले कि, आचार्य प्रमोद कृष्णम ने पुरानी घटनाओं का हवाला देते हुए बताया कि किस तरह से वरिष्ठ नेताओं को अपमानित किया गया। उन्होंने पंजाब का उदाहरण देते हुए कहा कि पहले अमरिंदर सिंह को नवजोत सिंह सिद्धू के जरिए अपमानित कराया गया और फिर सिद्धू का अपमान चरणजीत सिंह चन्नी के जरिए हुआ। आचार्य प्रमोद कृष्णम के अनुसार, “ये लोग पानी में आग लगाकर दूर खड़े होकर तमाशा देखते हैं।” उन्होंने सचिन पायलट को लेकर कहा कि पायलट एक बड़ी साजिश का शिकार हुए हैं और उन्हें मुख्यमंत्री न बनाने के लिए अशोक गहलोत को सिर्फ एक ‘मोहरे’ के रूप में इस्तेमाल किया गया।

अशोक गहलोत पर प्रमोद कृष्णम का तीखा हमला

अशोक गहलोत को निशाने पर लेते हुए प्रमोद कृष्णम ने उन्हें ‘सत्ता का लालची’ करार दिया। उन्होंने गहलोत की तुलना महाभारत के धृतराष्ट्र से करते हुए कहा कि जैसे धृतराष्ट्र पुत्र-मोह में अंधे हो गए थे, वैसे ही गहलोत सत्ता के सिंहासन और कुर्सी के मोह में मानसिक रूप से अंधे हो गए हैं। आचार्य प्रमोद कृष्णम ने सवाल उठाया कि जब पार्टी हाईकमान अमरिंदर सिंह और सिद्धारमैया जैसे कद्दावर नेताओं को हटा सकता है, तो गहलोत के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं की गई? उन्होंने आरोप लगाया कि गहलोत ने हाईकमान के आदेशों का उल्लंघन किया, फिर भी उन पर कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई न होना गहरे संदेह पैदा करता है।

सचिन पायलट को कभी मिलेगी राजस्थान की कमान?

अपने भविष्य के विश्लेषण में आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि सचिन पायलट को राजस्थान की कमान मिलने की संभावना लगभग न के बराबर है। उन्होंने तर्क दिया कि राहुल गांधी और उनकी ‘चौकड़ी’ किसी भी ऐसे नेता को बर्दाश्त नहीं करते जिसमें जनता के बीच संभावनाएं और लोकप्रियता दिखाई देती हो। कृष्णम ने दावा किया कि राहुल गांधी की यही नीति राजस्थान, पंजाब और उत्तर प्रदेश जैसे राज्यों में कांग्रेस के खात्मे का कारण बन रही है। उन्होंने अंत में अपनी बात दोहराते हुए कहा कि कांग्रेस की हर समस्या की जड़ में राहुल गांधी हैं और जब तक उनकी मंडली पार्टी पर हावी रहेगी, कांग्रेस का पुनरुद्धार असंभव है।