Abhijeet Dipke: ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के फाउंडर अभिजीत के घर में खौफ! पिता बोले- ‘दो रातों से सोया नहीं, बेटा जेल न चला जाए’

सोशल मीडिया पर तहलका मचाने वाली 'कॉकरोच जनता पार्टी' (CJP) के संस्थापक अभिजीत दीपके के माता-पिता अपने बेटे की इस राजनीतिक सक्रियता से बेहद चिंतित हैं।

Abhijeet Dipke

Wrriten By :

Nivedita Kasaudhan

Published On :

मई 22, 2026

Abhijeet Dipke: इन दिनों सोशल मीडिया से लेकर देश के सियासी गलियारों तक ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ (CJP) की जबरदस्त गूंज सुनाई दे रही है। इंस्टाग्राम पर महज एक हफ्ते के भीतर इस पेज के दो करोड़ (20 Million) से भी ज्यादा फॉलोअर्स हो चुके हैं। इस अनोखे और व्यंग्यात्मक अभियान को शुरू करने वाले छत्रपति संभाजीनगर (औरंगाबाद) के रहने वाले युवा अभिजीत दीपके रातों-रात इंटरनेट सनसनी बन चुके हैं। लेकिन, जहां एक तरफ सोशल मीडिया पर अभिजीत की लोकप्रियता आसमान छू रही है, वहीं दूसरी तरफ सात समंदर पार अमेरिका में बैठे बेटे के लिए महाराष्ट्र में रह रहे उनके माता-पिता की जान आफत में आ गई है। उन्हें डर सता रहा है कि उनका बेटा किसी बड़ी कानूनी मुसीबत में फंस सकता है या उसे गिरफ्तार भी किया जा सकता है।

PM Modi Jhalmuri Seller Threat: PM मोदी को झालमुरी खिलाना पड़ा भारी! पाकिस्तान से आई खौफनाक धमकी- ‘घर को बम से उड़ा देंगे’

अमेरिका की बोस्टन यूनिवर्सिटी से शुरू हुआ अभियान

दरअसल, अभिजीत दीपके इस समय अमेरिका की मशहूर बोस्टन यूनिवर्सिटी के छात्र हैं। उन्होंने महज एक सप्ताह पहले ही इस डिजिटल अभियान ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ की शुरुआत की थी। दिलचस्प बात यह है कि अभिजीत का बैकग्राउंड पहले से थोड़ा राजनीतिक रहा है और वे आम आदमी पार्टी (AAP) से भी जुड़े रहे हैं।

अभिजीत के अनुसार, इस अभियान की प्रेरणा उन्हें भारत के प्रधान न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत की एक टिप्पणी से मिली। दरअसल, कोर्ट की सुनवाई के दौरान वरिष्ठता की मांग कर रहे एक वकील पर नाराजगी जताते हुए प्रधान न्यायाधीश ने ‘परजीवी’ और ‘कॉकरोच’ जैसे कड़े शब्दों का इस्तेमाल किया था। हालांकि, बाद में चीफ जस्टिस ने स्पष्ट किया था कि उनके बयान का गलत अर्थ निकाला गया और वह टिप्पणी केवल “फर्जी डिग्रियों” के सहारे वकालत में घुसने वाले लोगों के खिलाफ थी। लेकिन अभिजीत ने इसी मुद्दे को लेकर एक व्यंग्यात्मक डिजिटल कैंपेन शुरू कर दिया, जो देखते ही देखते वायरल हो गया।

‘पिछले दो रातों से सो नहीं पाया हूं’

अभिजीत के पिता भगवान दीपके और मां अनीता दीपके ने एक मराठी समाचार चैनल से बातचीत में अपना गहरा डर और चिंता साझा की। पिता भगवान दीपके ने कहा, “आज देश की राजनीति के जो हालात हैं, उसे देखकर एक माता-पिता के तौर पर हमारा डरना बिल्कुल स्वाभाविक है। चाहे सोशल मीडिया पर उसके करोड़ों समर्थक क्यों न हों, लेकिन सत्ता के सामने एक अकेला लड़का बहुत कमजोर है। खुद अभिजीत ने भी अपने एक इंटरव्यू में माना था कि भारत लौटने पर उसे गिरफ्तार किया जा सकता है। हम आए दिन अखबारों में ऐसी गिरफ्तारियों की खबरें पढ़ते हैं, जिससे हमारा दिल बैठ जाता है।”

उन्होंने भावुक होते हुए आगे कहा, “मैं बेहद चिंतित हूं क्योंकि वह अब बहुत ज्यादा मशहूर हो गया है। आज के दौर में ऐसे लोगों को निशाना बनाना और जेल में डालना बहुत आसान है। मैं यही सब सोचकर पिछले दो रातों से ठीक से सो भी नहीं पाया हूं कि न जाने आगे मेरे बेटे के साथ क्या होगा। मुझे राजनीति से नफरत है और हमारा इससे कोई लेना-देना नहीं है।”

‘इंजीनियरिंग छोड़कर मीडिया में गया, अब नौकरी पर ध्यान दे’

अभिजीत की मां अनीता दीपके ने बताया कि उन्हें इस पूरी ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ के बारे में सबसे पहले उनके एक पड़ोसी के जरिए पता चला था, जिसके बाद वे हैरान रह गए। मां ने अपने बेटे के सफर को याद करते हुए कहा कि अभिजीत ने शुरुआती पढ़ाई छत्रपति संभाजीनगर में की और फिर आगे की पढ़ाई के लिए पुणे चला गया था। इंजीनियरिंग की पढ़ाई उसके लिए काफी मुश्किल साबित हो रही थी, इसलिए उसने अपनी मर्जी से मीडिया और डिजिटल कंटेंट के क्षेत्र को चुना।

अनीता दीपके ने हाथ जोड़कर अपील करते हुए कहा कि वह नहीं चाहतीं कि उनका बेटा किसी भी तरह की राजनीति के चक्कर में पड़े। उन्होंने कहा, “मैं चाहती हूं कि वह इन सब विवादों से पूरी तरह दूर रहे, अपनी पढ़ाई पूरी करे और केवल एक अच्छी नौकरी पाने पर ध्यान दे। राजनीति आम परिवारों के बच्चों के लिए सुरक्षित नहीं है।”

हादसे से टूटा नहीं हौसला, सरकारी योजनाओं ने बदली नर्मदा प्रसाद की जिंदगी