Lucky Oberoi Shot Dead: जालंधर के पॉश इलाके मॉडल टाउन में उस समय हड़कंप मच गया जब आम आदमी पार्टी (AAP) के स्थानीय नेता लकी ओबेरॉय को सरेआम गोलियों से भून दिया गया। गुरुद्वारा साहिब के ठीक बाहर हुई इस वारदात ने पूरे पंजाब में कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। ओबेरॉय को गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया था, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
Delhi News: नोएडा के बाद दिल्ली में दर्दनाक हादसा, गड्ढे ने ली बाइक सवार की जान
मॉडल टाउन गुरुद्वारा साहिब के बाहर खूनी खेल
शुरुआती जांच के अनुसार, यह घटना उस समय हुई जब लकी ओबेरॉय मॉडल टाउन स्थित गुरुद्वारा साहिब के बाहर अपनी कार पार्क कर रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ओबेरॉय अभी अपनी गाड़ी में ही बैठे थे, तभी दोपहिया वाहन पर सवार होकर आए हमलावरों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। हमलावरों ने उन्हें निशाना बनाकर करीब पांच गोलियां चलाईं, जिससे वह लहूलुहान होकर गाड़ी के अंदर ही गिर पड़े।
पंजाब पुलिस की त्वरित कार्रवाई और जांच
आपको बता दे कि, वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस की आला अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल को सील कर दिया है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। स्थानीय प्रशासन का कहना है कि दोषियों को पकड़ने के लिए नाकाबंदी कर दी गई है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है।
ओबेरॉय परिवार का राजनीतिक जुड़ाव
लकी ओबेरॉय न केवल सत्ताधारी पार्टी के सक्रिय सदस्य थे, बल्कि उनका परिवार भी राजनीति में सक्रिय रहा है। उनकी पत्नी ने हाल ही में आम आदमी पार्टी के टिकट पर नगरपालिका चुनाव लड़ा था। हालांकि, उस चुनाव में उन्हें सफलता नहीं मिली थी, लेकिन स्थानीय स्तर पर ओबेरॉय का राजनीतिक रसूख काफी मजबूत माना जाता था।
प्रताप सिंह बाजवा ने कानून व्यवस्था पर उठाए सवाल
वहीं, इस जघन्य अपराध के बाद पंजाब की राजनीति में उबाल आ गया है। विधानसभा में विपक्ष के नेता प्रताप सिंह बाजवा ने राज्य की भगवंत मान सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘X’ पर तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि पंजाब में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। बाजवा ने सवाल किया कि “अगर सत्ताधारी दल के नेता ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता अपनी सुरक्षा की उम्मीद किससे करे?”
भाजपा का ‘आप’ सरकार पर कड़ा प्रहार
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने भी इस घटना की कड़ी निंदा की है। उन्होंने राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि पंजाब में गैंगवार और प्रशासनिक विफलता का माहौल व्याप्त है। पूनावाला ने ‘X’ पर अपनी पोस्ट में लिखा कि राज्य की वर्तमान स्थिति भयावह हो चुकी है और “आम आदमी पार्टी पंजाब के लिए एक अभिशाप बन गई है।”
अनूपपुर पुलिस ने छत्तीसगढ़ से अपहृत नाबालिग को आरोपी के कब्जे से मुक्त किया, परिजनों को सौंपा










