Aamir Khan Gauri Spratt Marriage: बॉलीवुड के मिस्टर परफेक्शनिस्ट आमिर खान की तीसरी शादी इस समय देश के सियासी गलियारों में गरमाई हुई है। 5 जुलाई 2026 को गौरी स्प्रैट के साथ शादी के बंधन में बंधने के बाद से ही आमिर खान लगातार चर्चा में हैं। इस विवाह को लेकर महाराष्ट्र से लेकर बिहार तक राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। जहां एक तरफ भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के नेता इस शादी पर सवाल उठा रहे हैं, वहीं दूसरी तरफ राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) के सहयोगी दलों से आमिर खान को खुला समर्थन मिल रहा है।
आमिर खान के वैवाहिक जीवन पर नितेश राणे का तीखा हमला
बताते चले कि, महाराष्ट्र सरकार में मंत्री और बीजेपी के फायरब्रांड नेता नितेश राणे ने आमिर खान की तीसरी शादी को लेकर बेहद विवादित बयान दिया है। सोमवार (14 जुलाई) को मीडिया से बात करते हुए राणे ने आमिर खान को सीधे तौर पर निशाने पर लिया और उन्हें ‘लव जिहाद’ का कथित ‘ब्रांड एंबेसडर’ तक कह डाला।
नितेश राणे ने सवाल उठाया कि क्या आमिर खान की इस नई शादी को ‘लव जिहाद’ के नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए? उन्होंने देश के हिंदू समाज से एक भावुक अपील करते हुए कहा कि अब समय आ गया है जब बहुसंख्यक समाज को इस बात पर गंभीरता से विचार करना चाहिए कि क्या उन्हें ऐसे अभिनेताओं की फिल्में देखनी चाहिए या नहीं। राणे के इस बयान के बाद से ही इस मुद्दे ने राजनीतिक और सामाजिक रूप से तूल पकड़ लिया है।
जेडीयू विधायक श्याम रजक ने किया सुपरस्टार का बचाव
महाराष्ट्र में बीजेपी नेता द्वारा उठाए गए सवालों के बीच, बिहार में बीजेपी की प्रमुख सहयोगी पार्टी जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) आमिर खान के समर्थन में मजबूती से खड़ी हो गई है। जेडीयू के वरिष्ठ विधायक श्याम रजक ने नितेश राणे के आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए आमिर खान को एक सच्चा और पक्का ‘देशभक्त’ करार दिया है।
श्याम रजक ने कहा कि आमिर खान की देशभक्ति पर कोई भी प्रश्नचिन्ह नहीं लगा सकता और उनका पूरा इतिहास इसका गवाह है। उन्होंने तर्क दिया कि आमिर ने हमेशा अपनी फिल्मों के माध्यम से देश सेवा की है और उनकी हर फिल्म में देशभक्ति का एक मजबूत पुट दिखाई देता है। रजक ने ‘लव जिहाद’ के आरोपों पर तंज कसते हुए कहा कि जो लोग इस तरह की बातें कर रहे हैं, उनकी सोच सड़क और रेलवे प्लेटफॉर्म स्तर की है। उन्होंने साफ किया कि किसी का व्यक्तिगत जीवन पूरी तरह उसका अपना होता है और हर व्यक्ति को अपने ढंग से जीने का अधिकार है।
बॉलीवुड अभिनेता के पिछले विवाह की पूरी कहानी
अगर आमिर खान के निजी जीवन और उनके वैवाहिक इतिहास पर नजर डालें, तो उन्होंने 5 जुलाई 2026 को गौरी स्प्रैट के साथ अपनी जिंदगी की तीसरी नई शुरुआत की है। इससे पहले आमिर खान के दो विवाह और हो चुके हैं, जो समय के साथ आपसी सहमति से खत्म हो गए।
पहली शादी (1986): आमिर खान ने साल 1986 में रीना दत्ता से पहली शादी की थी। इस शादी से उनके दो बच्चे हैं—बेटे जुनैद खान और बेटी इरा खान। शादी के 16 साल बाद, यह जोड़ा साल 2002 में कानूनी रूप से अलग हो गया था।
दूसरी शादी (2005): इसके बाद साल 2005 में आमिर खान ने फिल्म निर्माता किरण राव से दूसरी शादी रचाई। इस शादी से सरोगेसी के जरिए उनके बेटे आजाद राव खान का जन्म हुआ। हालांकि, साल 2021 में आमिर और किरण ने भी एक-दूसरे से अलग होने का फैसला कर लिया था।
अब साल 2026 में गौरी स्प्रैट के साथ उनकी तीसरी शादी ने मनोरंजन जगत के साथ-साथ देश की राजनीति में भी एक नया विवाद खड़ा कर दिया है।










