Aaj Ka Mausam: भारत में दक्षिण-पश्चिम मानसून अब अपने अंतिम दौर में पहुंच गया है। हालांकि, मानसून की वापसी शुरू होने से पहले देश के कई हिस्सों में बारिश और आंधी-तूफान का दौर जारी रहने वाला है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले कुछ दिनों के लिए कई राज्यों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाओं का पूर्वानुमान जारी किया है। कुछ क्षेत्रों में हवा की रफ्तार 40 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
Weather Update: हरियाणा में फिर सक्रिय हुआ मानसून, 6 जिलों में बारिश
19 सितंबर के आसपास शुरू
IMD के मुताबिक पश्चिमी राजस्थान के कुछ हिस्सों से 19 सितंबर के आसपास दक्षिण-पश्चिम मानसून की वापसी के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन सकती हैं। हालांकि, अभी देश के कई हिस्सों में मानसून सक्रिय है और अलग-अलग मौसम प्रणालियों के कारण बारिश जारी रहने की संभावना है। दक्षिण-पूर्वी राजस्थान और उससे सटे उत्तर गुजरात के ऊपर निम्न दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इसके अलावा बंगाल की खाड़ी और आसपास के इलाकों में भी चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय है। इन सिस्टम के कारण मध्य, पूर्वी और पश्चिमी भारत में बारिश का दौर देखने को मिल सकता है।
दिल्ली-NCR, पंजाब और हरियाणा में बारिश

दिल्ली, हरियाणा, चंडीगढ़ और पंजाब में 15 सितंबर तथा 18 से 20 सितंबर के बीच कुछ जगहों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। 16 और 17 सितंबर को कई स्थानों पर बारिश की संभावना है। 15 से 17 सितंबर के दौरान कुछ इलाकों में भारी बारिश के साथ गरज-चमक और बिजली गिरने का खतरा भी रहेगा। राजस्थान में भी मौसम सक्रिय रहने की संभावना है। पश्चिमी राजस्थान में 15 से 18 सितंबर और पूर्वी राजस्थान में 20 सितंबर तक बारिश हो सकती है। इस दौरान तेज हवाओं के झोंके 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकते हैं।
पहाड़ी राज्यों में भी जारी रहेगा बारिश का दौर
जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अगले कई दिनों तक बारिश की गतिविधियां बनी रह सकती हैं। उत्तराखंड में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। 16-17 सितंबर को जम्मू-कश्मीर के कुछ इलाकों में तेज हवाएं 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं।
बिहार, झारखंड और ओडिशा में तेज बारिश
पूर्वी भारत में भी मौसम करवट लेगा। बिहार में 16-17 सितंबर को कई स्थानों पर बारिश और कुछ जगहों पर भारी बारिश की संभावना है। झारखंड में 15 से 20 सितंबर तक बारिश जारी रह सकती है। ओडिशा में 18 से 20 सितंबर के दौरान भारी बारिश होने का अनुमान है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में 16 सितंबर को कुछ स्थानों पर बहुत भारी बारिश हो सकती है।
गुजरात और महाराष्ट्र में भारी बारिश का अलर्ट
गुजरात क्षेत्र में 15 सितंबर को बहुत भारी बारिश की चेतावनी है, जबकि सौराष्ट्र और कच्छ में अत्यंत भारी बारिश की आशंका जताई गई है। मध्य महाराष्ट्र में भी भारी बारिश हो सकती है। मराठवाड़ा और महाराष्ट्र के अन्य हिस्सों में 15 से 20 सितंबर के बीच बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है।
पूर्वोत्तर और दक्षिण भारत में भी बारिश

अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय में 15 से 18 सितंबर के बीच भारी बारिश हो सकती है। नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में भी 20 सितंबर तक बारिश की संभावना है। दक्षिण भारत में केरल, तमिलनाडु, पुडुचेरी और आसपास के क्षेत्रों में बारिश जारी रह सकती है। केरल में 15-16 और 19-20 सितंबर को भारी बारिश का अनुमान है, जबकि तेलंगाना में 18-19 सितंबर को तेज बारिश हो सकती है।
मछुआरों के लिए समुद्री इलाकों में सावधानी
IMD ने अरब सागर और बंगाल की खाड़ी में समुद्र की स्थिति खराब रहने की आशंका को देखते हुए मछुआरों को सतर्क रहने की सलाह दी है। गुजरात तट और उत्तर-पूर्वी अरब सागर में 16 सितंबर तक परिस्थितियां प्रतिकूल रह सकती हैं। बंगाल की खाड़ी और अंडमान सागर के कुछ हिस्सों में भी 15 से 19 सितंबर के बीच सावधानी बरतने की जरूरत है।
Weather Update: मानसून ने बदला मिजाज, MP-राजस्थान से गुजरात तक तेज










