Aaj Ka Mausam: देश के कई हिस्सों में मानसून सक्रिय बना हुआ है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 8 अगस्त को उत्तर भारत से लेकर पूर्वी और मध्य भारत के कई राज्यों में भारी बारिश के साथ तेज हवाएं और आंधी चलने की संभावना है। उत्तर प्रदेश, बिहार, दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान, पंजाब, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, गुजरात, मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, झारखंड, पश्चिम बंगाल और ओडिशा समेत कई राज्यों में मौसम खराब रहने का अनुमान है। कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटे या उससे अधिक पहुंच सकती है। तेज बारिश और हवाओं के कारण पेड़ गिरने, बिजली आपूर्ति प्रभावित होने और फसलों को नुकसान की आशंका भी जताई गई है।
Weather Update: दिल्ली-NCR में मौसम फिर बदला, आज बारिश को लेकर क्या है IMD का अलर्ट?
बंगाल की खाड़ी में बन रहा सिस्टम
मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिम बंगाल और उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के आसपास कम दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। इसके प्रभाव से पूर्वी भारत के कई हिस्सों में अगले कुछ दिनों तक बारिश का दौर जारी रह सकता है। 8 अगस्त को ओडिशा के कुछ इलाकों में बहुत भारी बारिश होने की आशंका है। वहीं, दक्षिण-पश्चिमी उत्तर प्रदेश और आसपास के क्षेत्रों में भी चक्रवाती परिसंचरण सक्रिय होने के कारण बारिश और तेज हवाओं का प्रभाव देखने को मिल सकता है।
दिल्ली-एनसीआर में बारिश के साथ चलेंगी तेज हवाएं
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में 8 अगस्त को मध्यम से तेज बारिश होने का अनुमान है। इस दौरान हवा की गति करीब 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटे रह सकती है। दिल्ली का अधिकतम तापमान लगभग 33 डिग्री और न्यूनतम 28 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
उत्तर प्रदेश और बिहार में आंधी-बारिश का असर
उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद, मेरठ, आगरा, मथुरा, कानपुर, वाराणसी, प्रयागराज, अयोध्या, गोरखपुर, देवरिया और आसपास के कई जिलों में भारी बारिश के साथ आंधी का अलर्ट बताया गया है। कुछ क्षेत्रों में हवाओं की रफ्तार 70-75 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने की संभावना है। बिहार के पटना, गया, बक्सर, सारण, सिवान, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, किशनगंज, अररिया, सुपौल और भागलपुर समेत कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं को लेकर येलो अलर्ट है। यहां हवा की रफ्तार 65-70 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।
झारखंड और पहाड़ी राज्यों में भी सतर्कता
झारखंड के रांची, पाकुड़, देवघर, धनबाद, जमशेदपुर, बोकारो, रामगढ़ और लोहरदगा समेत कई इलाकों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना है। उत्तराखंड में नैनीताल, पिथौरागढ़, चमोली, अल्मोड़ा, रुद्रप्रयाग, पौड़ी गढ़वाल और चंपावत में भारी बारिश का अनुमान है। यहां 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की तेज हवाएं चल सकती हैं। हिमाचल प्रदेश के चंबा, कांगड़ा, सिरमौर, सोलन, कुल्लू, शिमला और आसपास के क्षेत्रों में भी बारिश के साथ तेज हवाओं की चेतावनी है।
जम्मू-कश्मीर से राजस्थान तक बारिश का दौर
जम्मू-कश्मीर के जम्मू, पुंछ, कुलगाम, पुलवामा, उधमपुर, कठुआ और कुपवाड़ा में भारी बारिश और आंधी की संभावना जताई गई है। वहीं पंजाब के पटियाला, अमृतसर, गुरदासपुर, लुधियाना और संगरूर में भी मौसम खराब रह सकता है।
राजस्थान में जयपुर, कोटा, टोंक, चित्तौड़गढ़, उदयपुर, अजमेर, सीकर और आसपास के इलाकों में भारी बारिश के साथ 50-60 किलोमीटर प्रति घंटे की हवाएं चलने की संभावना है। मध्य प्रदेश के बालाघाट, डिंडोरी, मंडला, विदिशा, इंदौर, कटनी, छतरपुर और खरगोन समेत कई जिलों में भी बारिश और आंधी का असर देखने को मिल सकता है।
138 करोड़ की लागत से नांदघाट-मुंगेली रोड होगा फोरलेन
लोगों को सावधानी बरतने की सलाह
तेज हवा और बारिश के दौरान लोगों को खुले स्थानों पर जाने से बचने, पेड़ों और कमजोर ढांचों से दूरी बनाए रखने तथा मौसम विभाग के स्थानीय अपडेट पर नजर रखने की सलाह दी जाती है। किसानों को भी तेज बारिश और हवाओं को देखते हुए फसलों की सुरक्षा के लिए जरूरी सावधानी बरतने की जरूरत है।










